April 11, 2026

हैवी ब्लास्टिंग से ढहा मकान, एसईसीएल प्रबंधन के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने की मांग

कोरबा 29 जून। एसईसीएल दीपका परियोजना के प्रभावित ग्राम सुआभोंडी में सोमवार की दोपहर 2.30 बजे एक मकान का हिस्सा भरभरा कर गिर गया। मकान के भीतर मौजूद शांति बाई घायल हो गई, जबकि उसकी 15 वर्ष की पुत्री बाल-बाल बची। ग्रामीणों ने कहा कि जिस समय घटना हुई उस दौरान खदान में हैवी ब्लास्टिंग हुई थी। प्रबंधन की ओर से की जा रही हैवी ब्लास्टिंग के कारण ही घटना हुई है। लोगों ने कहा कि जब इसकी सूचना एसईसीएल के अधिकारियों को दी तो उन्होंने मौके पर आने से ही मना कर दिया। इसको लेकर ग्रामीणों में गुस्सा है।

प्रबंधन के रवैये से नाराज ग्रामीण ऊर्जाधानी भू-विस्थापित संगठन के पदाधिकारी व सदस्यों के साथ हरदीबाजार चौकी पहुंच गए और घटना के लिए जिम्मेदार एसईसीएल दीपका प्रबंधन के अधिकारियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने की मांग की। शिकायत करने वाली शांति बाई ने बताया कि हैवी ब्लास्टिंग के कारण पहले भी इस तरह की घटनाएं हो चुकी है। हरदीबाजार चौकी में शिकायत के दौरान ऊर्जाधानी भू.विस्थापित किसान कल्याण समिति के अध्यक्ष कुलदीप सपुरन, कुलदीप राठौर, प्रकाश बाबा, जनपद सदस्य अनिल टंडन, पूर्व सरपंच रविद्र जगत, अनुसुईयां राठौर, ललित महिलांगे, गजेंद्र सिंह सहित अन्य उपस्थित रहे।

1210
Ranjan Prasad

Spread the word