March 21, 2026

कुसमुंडा आवासीय कालोनी में तीन दिन से पेयजल आपूर्ति बंद

कोरबा 10 जुलाई। कुसमुंडा के आवासीय परिसर में तीन दिनों से पेयजल की आपूर्ति नहीं हो सकी। इससे कालोनी में निवासरत कर्मचारी व उनका परिवार हलकान हो चुका है। दो दिन के बाद सिविल विभाग को पाइप लाइन में खराबी मिल सकी और उसे दुरूस्त करने का कार्य किया जा रहा है।

साउथ इस्टर्न कोलफिल्ड्स लिमिटेड एसईसीएल की कुसमुंडा क्षेत्र की आवासीय परिसर आदर्शनगर, नेहरूनगर, सीएमपीडीआई कालोनी, जवाहर नगर में विभागीय तौर पर पानी सप्लाई किया जाता है। इसके लिए विकासनगर में फिल्टर प्लांट बना हुआ है। बताया जा रहा है कि तीन दिन पहले पाइप लाइन में खराबी आ गई और कालोनियों में पानी सप्लाई बाधित हो गई। जानकारी मिलने पर सिविल विभाग द्वारा खराबी खोजने का प्रयास किया गयाए दो दिन खराबी खोजने में ही बीत गए और कालोनी में पानी सप्लाई नहीं हो सकी। शुक्रवार को भी सिविल विभाग के अधिकारी कर्मचारी खराबी ढूंढते रहेए तब दोपहर उन्हें पाइपलाइन में खराबी मिली। इसके बाद सुधार कार्य शुरू किया गया, पर देर रात तक काम पूरा नहीं हो सका। इससे तीसरे दिन भी पानी सप्लाई नहीं किया गया। तीन दिनों से पानी नहीं मिलने की वजह से कालोनी में निवासरत लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। हालांकि प्रबंधन की ओर से टैंकर के माध्यम से पानी सप्लाई किया गया, पर वह भी पर्याप्त और पीने योग्य भी नहीं था। शनिवार को भी सुधार कार्य किया जाएगा। इसके बाद ही पानी सप्लाई होने की उम्मीद जताई जा रही है। क्षेत्र के लोगों का कहना है कि पिछले 10 दिन से पानी की समस्या बनी हुई थी और इसकी जानकारी सिविल विभाग के जिम्मेदार अधिकारियों को भी दी गई, पर अनदेखी किए जाने की वजह से समस्या का निदान नहीं हो सका। विभाग के कर्मचारी भी अपना काम उचित ढंग से नहीं कर रहे हैं। इससे क्षेत्र के लोगों में काफी आक्रोश व्याप्त है। उनका कहना है कि उत्पादन बढ़ाने कोरोना काल में भी कर्मचारी कार्य कर रहे हैं, पर प्रबंधन उनकी सुविधाओं की ओर ध्यान नहीं दे रहा है।

1210
Ranjan Prasad

Spread the word