August 20, 2024

आकृति महिला मंडल ने वेडिंग थीम पर मनाई हरियाली तीज

हरियाली क्वीन बनीं अर्चना लकरा, ब्यूटी क्वीन अनामिका मिश्रा और ग्लोबल क्वीन का खिताब प्रियंका गढ़पाले के नाम रहा

कोरबा 9 सितंबर। अटल बिहारी वाजपेयी ताप विद्युत गृह की आवासीय कॉलोनी की आकृति महिला मंडल (सीनियर क्लब) ने हरियाली तीज महोत्सव वेडिंग थीम पर मनाया। चांपा स्थित एक रिसार्ट में आयोजित कार्यक्रम में मुख्य अतिथि छग. राज्य विद्युत उत्पादन कंपनी की प्रथम महिला श्रीमती कल्याणी बिजौरा रहीं। कार्यक्रम की अध्यक्षता आकृति महिला मंडल की अध्यक्ष शशि कोसरिया ने की। विशिष्ट अतिथि संकल्प महिला मंडल कोरबा पश्चिम की अध्यक्ष रेखा श्रीवास, प्रेरणा महिला मंडल कोरबा पूर्व की अध्यक्ष निवेदिता बंजारा, सोनिया बघेल एवं कल्पना गुप्ता की गरिमामयी उपस्थिति रही।

आकृति महिला मंडल की अध्यक्ष शशि कोसरिया एवं पदाधिकारियों द्वारा मुख्य अतिथि कल्याणी बिजौरा का बाजे-गाजे के साथ पगड़ी पहना कर आत्मीय स्वागत किया गया। हरियाली तीज महोत्सव का शुभारंभ भगवान श्रीगणेश की पूजा-अर्चना के साथ हुआ। हरियाली तीज महोत्सव वेडिंग थीम पर थी इसलिए आकृति महिला मंडल द्वारा बारात स्वागत से लेकर विदाई बेला की प्रतीकात्मक एवं सुंदर प्रस्तुति दी गई। दूल्हा-दुल्हन के रूप में सुनीता जांगड़े और दिव्या पित्रोदा की प्रस्तुति शानदार रही, जिसकी श्रीमती बिजौरा ने भरपूर सराहना की।
इस तीज महोत्सव में एकल नृत्य एवं समूह नृत्य की प्रस्तुति दी गई। साथ ही हरियाली क्वीन का खिताब अर्चना लकरा, ब्यूटी क्वीन अनामिका मिश्रा और ग्लोबल क्वीन का खिताब प्रियंका गढ़पाले ने जीता। तीनों ही विजेताओं को मुख्य अतिथि कल्याणी बिजौरा ने क्रॉउन पहनाते हुए उन्हें उपहार एवं पुष्पगुच्छ भी भेंट किए। हरियाली तीज महोत्सव में आकृति महिला मंडल की उपाध्यक्ष सुनीता जांगड़े, अर्निका लकरा, नीना तिवारी, कमला सिंह व फिरोजा समद की अगुवाई के साथ सचिव शर्मिष्ठा सिन्हा, सहसचिव प्रीति बंजारे, कोषाध्यक्ष शैला जार्ज, सांस्कृतिक सचिव गोल्डी नेताम और क्रीड़ा सचिव श्वेता परप्यानी एवं महिला मंडल के सदस्याओं की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Spread the word