July 4, 2024

देश: कुरुक्षेत्र में बनेगा विश्वस्तरीय महाभारत का वर्चुअल म्यूजियम

नईदिल्ली 11 सितम्बर। कोविड काल के बाद देश में टूरिज्म सेक्टर को बूम देने के लिए पर्यटन से जुड़े लोगों की मदद के लिए वित्तीय सहायता सहित कई पहल की जा रही हैं। इस बीच जल्द ही देश में महाभारत कालीन इतिहास को मूर्त रूप देने की तैयारी की जा रही है। केंद्र सरकार और हरियाणा सरकार संयुक्त रूप से कुरूक्षेत्र में महाभारत व गीता से संदर्भित एक विश्वस्तरीय वर्चुअल म्यूजियम विकसित करेगी।

विश्वस्तरीय बनेगा वर्चुअल म्यूजियम
केंद्रीय मंत्री प्रहलाद पटेल ने कहा कि हरियाणा सरकार की महाभारत व गीता से संदर्भित वर्चुअल म्यूजियम की मूल संकल्पना है। केंद्रीय पर्यटन मंत्रालय भी इस संकल्पना से अत्यंत प्रभावित हुआ है। उन्होंने कहा कि केंद्रीय पर्यटन मंत्रालय और हरियाणा सरकार द्वारा संयुक्त रूप से कुरूक्षेत्र में महाभारत व गीता से संदर्भित एक विश्वस्तरीय वर्चुअल म्यूजियम विकसित किया जाएगा। प्रहलाद पटेल ने हरियाणा सरकार की प्रशंसा करते हुए कहा कि राज्य सरकार ने पर्यटन क्षेत्र में अपने स्वयं के संसाधनों से बड़े कार्य किए हैं। खट्टर सरकार ने कृष्णा सर्किट-1 पूर्ण कर लिया है और कृष्णा सर्किट-2 की योजना तैयार की है।

बता दें कि दुनिया भर के लाखों कृष्ण भक्त हर साल भारत आते हैं। कान्हा की लीला दर्शन करने के लिए अधिकतर लोग मथुरा, वृंदावन के साथ कुरुक्षेत्र जाते हैं, अब उन स्थलों को मिलाकर केंद्र कृष्णा सर्किट बनाया है।

हरियाणा की विभिन्न पर्यटन परियोजनाओं पर भी हुई चर्चा
हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने मंगलवार को प्रदेश की विभिन्न पर्यटन परियोजनाओं की प्रगति व कार्यों के संदर्भ में केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) प्रहलाद सिंह पटेल से मुलाकात की। बैठक में हरियाणा की विभिन्न पर्यटन परियोजनाओं की प्रगति व कार्यों की समीक्षा की गई। बैठक में कुरूक्षेत्र, आदिबद्री, राखी गढी, साइंस सिटी, एडवेंचर टूरिज्म व कुछ अन्य बिंदुओं पर विचार- विमर्श हुआ।

Spread the word