March 21, 2026

देवदास बंजारे स्मृति पुरस्कार 2021 : 11 अक्टूबर तक ली जाएंगी ऑनलाइन प्रविष्टियां

लोक कला को प्रोत्साहित करने वाले सर्वश्रेष्ठ कलाकार को मिलेगा 50 हजार रूपए का राज्य स्तरीय पुरस्कार

कोरबा 17 सितम्बर 2021। राज्य सरकार के संस्कृति विभाग द्वारा छत्तीसगढ़ी लोक शैली पर आधारित प्रदर्शनकारी छत्तीसगढ़ी लोक कला को प्रोत्साहित करने और उसका संरक्षण करने के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले व्यक्ति या संस्था को 50 हजार रूपए का राज्य स्तरीय पुरस्कार दिया जाएगा। राज्य के प्रसिद्ध लोक कलाकार पंथी नृतक स्व. श्री देवदास बंजारे की स्मृति में स्थापित इस सम्मान के लिए संस्कृति एवं पुरातत्व संचालनालय द्वारा प्रविष्टियां एवं अनुशंसाएं 11 अक्टूबर 2021 तक ली जाएंगी। प्रविष्टियां विभाग के ई-मेल आईडी rajyaalankaranculture@gmail.com पर स्वीकार की जाएंगी। प्रविष्टि के लिए संबंधित व्यक्ति या संस्था को स्वयं का पूरा नाम, परिचय और पता सहित लोक कला शैली पर आधारित प्रदर्शनकारी छत्तीसगढ़ी लोक कला के क्षेत्र में किए गए कामों का सप्रमाण विवरण भी प्रस्तुत करना होगा। व्यक्ति या संस्था को पहले कोई सम्मान मिला हो तो उसका विवरण भी प्रविष्टि में करना होगा। प्रविष्टि के लिए भेजे जाने वाले ई-मेल का विषय देवदास बंजारे स्मृति पुरस्कार 2021 स्पष्ट रूप से अंकित करना होगा। ई-मेल का आकार 10 एमबी तथा पीडीएफ और ईमेल सहित ए-4 साईज के अधिकतम 20 पेज ही स्वीकार्य होंगे। इस संबंध में अधिक जानकारी विभागीय वेबसाइट www.cgculture.in से भी प्राप्त की जा सकती है। प्राप्त प्रविष्टियों में से उत्कृष्ट प्रविष्टि के आधार पर अलंकरण के लिए योग्य व्यक्ति का चयन निर्णायक मण्डल द्वारा किया जाएगा।

1210
Ranjan Prasad

Spread the word