March 23, 2026

सड़क चौड़ीकरण और बिजली खंभों को लेकर हुआ विवाद, मास्टर प्लान में होगा काम

कोरबा 28 सितंबर। सड़क चौड़ीकरण और बिजली खंभों को नए स्थान पर लगाने को लेकर दादरखुर्द के लोगों ने अमले के साथ बहसबाजी की। कुछ ही देर में स्थिति बिगड़ गई। काम करने में दिक्कत होने की खबर पर मानिकपुर पुलिस के बाद राजस्व अमला भी यहां पहुंचा। आखिरकार तय हुआ कि बिजली खंभों को 40 फीट की दूर पर लगाया जाएगा। इसे सर्वमान्य कर लिया गया। अब इसी हिसाब से क्षेत्र में संबंधित कामकाज किये जाएंगे।

जानकारी के अनुसार म्यूनिसिपल कार्पोरेशन कोरबा के द्वारा विभिन्न वार्डों में अधोसंरचना की मजबूती के साथ बुनियादी आवश्यकताओं को बढ़ाया जा रहा है। लोगों की मांग के हिसाब से कार्ययोजना बनाई जा रही है और इसके अंतर्गत काम कराए जा रहे हैं। नए मास्टर प्लान में कई चीजों को शामिल किया गया है। उद्देश्य यह है कि संपर्क मार्ग बेहतर करने के साथ वहां पर स्ट्रीट लाइट को भी ठीकठाक किया जाए। इसके अलावा पहले से सड़क के किनारे जो खंभे लगे हुए थे, उन्हें अब नए स्थान पर शिफ्ट किया जाए। कोरबा क्षेत्र के खरमोरा वार्ड 31 में शामिल दादरखुर्द मुख्य मार्ग में सड़क को चौड़ा करना तय किया गया है। इसी के हिसाब से आगे का काम शुरू किया गया है। इसके अंतर्गत प्राथमिक कार्यों के संबंध में नगर निगम और सीएसईबी का अमला आज सुबह इस क्षेत्र में पहुंचा था। मसौदे की जानकारी स्थानीय लोगों को होने पर उन्होंने ऐतराज जताना शुरू कर दिया। लोगों का कहना था कि सड़क चौड़ी होने से उनके आवासीय परिसर के आसपास विकसित किये गए क्षेत्र को नुकसान होगा। इसके अलावा पहले से जहां पर खंभे लगे हुए हैं उनकी शिफ्िटिंग के लिए बनाए गए नए मानक से भी दिक्कतें हो सकती है। काफी देर तक इसी बात को लेकर यहां पर बहसबाजी का दौर चलता रहा। लोगों के तेवर से काम करने आए म्यूनिसिपल कार्पोरेशन और पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी के लोगों ने असहजता महसूस की। हालात बिगड़ते देख सरकारी तंत्र ने पुलिस को जानकारी दी। जिसके बाद मानिकपुर चौकी का स्टाफ यहां पर पहुंचा। इसके बाद राजस्व से संबंधित टीम भी दादर पहुंची ताकि समस्या को समझने के साथ समाधान किया जा सके। अधिकारियों ने रोडमैप के बारे में यहां के लोगों को जानकारी दी और सभी पक्षों से अवगत कराया। कुछ ही देर में इस बारे में सहमति बना ली गई और कामकाज को गति दी जानी संभव हुई। बताया गया कि जो कुछ तय हुआ है उसी हिसाब से यहां पर मास्टर प्लान के अंतर्गत कामकाज किये जाएंगे।

1210
Ranjan Prasad

Spread the word