February 26, 2026

एम.आई.सी. ने दी निगम के विभिन्न कार्यो को स्वीकृति

कोरबा 12 अक्टूबर। नगर पालिक निगम कोरबा की मेयर इन काउंसिल के द्वारा सम्पन्न बैठक में निगम के विभिन्न कार्यो, नगर पालिक सेवाओं व आमजनता से जुड़ी सुविधाओं से संबंधित कार्यो को अपनी स्वीकृति प्रदान की गई, वही महापौर श्री राजकिशोर प्रसाद ने निगम के विभिन्न निर्माण कार्यो तथा पानी, बिजली, साफ-सफाई आदि नागरिक सेवाओं से जुड़े कार्यो की कार्यप्रगति की समीक्षा की तथा कार्यो की बेहतरी के लिए आवश्यक दिशा निर्देश अधिकारियों को दिए।

नगर पालिक निगम कोरबा के मुख्य प्रशासनिक भवन साकेत स्थित सभाकक्ष में महापौर श्री राजकिशोर प्रसाद की अध्यक्षता एवं आयुक्त श्री कुलदीप शर्मा की उपस्थिति में निगम की मेयर इन काउंसिल की बैठक आयोजित की गई। बैठक के दौरान निगम से जुड़े विभिन्न कार्यो को एम.आई.सी.द्वारा अपनी स्वीकृति प्रदान की गई। बैठक के दौरान नगर पालिक निगम कोरबा के सभी 08 जोनांतर्गत नाली, बिल्डिंग, सीमेंट कांक्रीट रोड, सीवरलाईन मरम्मत एवं संधारण तथा पार्षद मद के कार्यो हेतु वार्षिक दर निर्धारण, निगम क्षेत्रांतर्गत विभिन्न स्थलों में पड़े लावारिश कबाड़ के निविदा के संबंध में, शासी परिषद के सदस्य हेतु नगरीय निकाय सदस्य के प्रस्ताव के संबंध में, सामुदायिक शौचालय के संचालन संधारण कार्य, हैण्डपम्प सामग्री खरीदी हेतु वार्षिक दर निर्धारण, मुख्यमंत्री स्वावलंबन योजना, महिला समृद्धि योजना की दुकानों की लीज नवीनीकरण, निगम के विभिन्न वाहनों के संचालन हेतु वाहन चालक, जे.सी.बी.आपरेटर एवं श्रमिक प्रदाय बाबत, स्वच्छता सामग्री खरीदी हेतु वार्षिक दर निर्धारण, व्यवसायिक केन्द्र ब्लाक-सी के ऊपर स्थित कमरा के लीज नवीनीकरण, महानदी विस्तार काम्पलेक्स प्रथम मंजिल तीन कार्यालयीन हाल के लीज नवीनीकरण, आवश्यक वाहन मशीन उपकरण क्रय हेतु तैयार की गई कार्ययोजना, कोविड-19 टीकाकरण संबंधी कार्य के संबंध में, सीतामणी वार्ड क्र. 07 बालश्रमिक कल्याण केन्द्र भवन को लीज पर दिए जाने के संबंध में सहित अन्य विभिन्न प्रस्तावों पर मेयर इन काउंसिल द्वारा सर्वसम्मति से आवश्यक निर्णय लिए गए।

निगम कार्यो की समीक्षा की- बैठक के दौरान महापौर श्री राजकिशोर प्रसाद ने निगम के विभिन्न विकास व निर्माण कार्यो, नागरिक सेवाओं व सुविधाओं से जुड़े कार्यो, पानी, बिजली, साफ-सफाई आदि से जुड़े कार्यो की कार्यप्रगति की बिन्दुवार समीक्षा की। उन्होने विकास व निर्माण कार्येा में आवश्यक तेजी लाने, प्रस्तावित कार्यो की निविदा आदि की प्रक्रिया समयसीमा में पूरी करने, प्रगतिरत निर्माण कार्यो की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने तथा समयसीमा में उन्हें पूरा करने के संबंध में अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए। महापौर श्री प्रसाद ने निगम की सड़क रोशनी व्यवस्था, पेयजल व्यवस्था व साफ-सफाई कार्यो की बिन्दुवार समीक्षा करते हुए व्यवस्थाओं को और अधिक बेहतर बनाने के संबंध में भी अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए।

ranjan photo
Ranjan Prasad

Spread the word