April 11, 2026

पति के शराब पीने की हरकत से तंग आकर पत्नी ने फांसी लगाकर की खुदकुशी

कोरबा 16 अक्टूबर। दशहरा की रात एक नवविवाहिता ने जिंदगी समाप्त कर ली। मौके पर उसका शव फांसी के फंदे पर लटका मिला। खबरों के अनुसार पति के शराब पीने और अनावश्यक विवाद करने से वह परेशान थी। घटना की जानकारी होने के बाद आरोपी यहां से भाग निकला। पुलिस ने आज पंचनामा के साथ शव को फंदे से उतारने की कार्यवाही की। मृतका के परिजनों के आने के बाद पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी कराई जाएगी।

रामपुर पुलिस चौकी के अंतर्गत महाराणा प्रताप नगर में यह घटना पिछली रात को हुई। यहां के ईडब्ल्यूएस-125 में व्याख्याता जी.पी.साहू परिवार के साथ निवासरत है। उन्होंने एक हिस्से को किराये पर दे रखा है। यहां पर तीन महीने से सुधीर सिंह और उसकी पत्नी पूजा सिंह रह रहे थे। जानकारी मिली कि छह माह पहले ही ये दोनों विवाह बंधन में बंधे थे। सुधीर सामान्य कामकाज करता था लेकिन हर शाम को वह शराब पीकर घर पहुंचता था। इस चक्कर में विवाद की स्थिति निर्मित होती थी। कई मौकों पर पत्नी के साथ दुर्व्यवहार की खबरें भी आसपास के लोगों को मिलती रही। नियमित घटनाक्रम से नवविवाहिता काफी परेशान हो चुकी थी। तीन माह की गर्भवती पूजा के साथ दशहरा की रात भी यही सब हुआ। नशे में आए पति के साथ उसका विवाद हुआ। बताया जाता है कि इससे तंग आकर पूजा ने खुद को एक कमरे में बंद कर लिया जबकि पति बाहर चला गया। कुछ घंटे के बाद जब वह घर लौटकर आया तो उसने पत्नी को कई बार आवाज दी लेकिन कोई प्रतिक्रिया नहीं हुई। पानी मांगने पर पड़ोसी ने उसकी सहायता की। पीछे के रास्ते से भीतर का हाल जानने पर मालूम चला कि पत्नी फांसी के फंदे पर लटकी हुई है। इसके बाद से पति लापता हो गया। मामले की जानकारी रात में ही घर के लोगों और पड़ोसियों को होने पर यहां भीड़ लग गई। पुलिस को जानकारी दिए जाने पर संज्ञान लिया गया। इस मामले में मर्ग कायम किया गया है।

जानकारी के अनुसार पूजा सिंह जांजगीर-चांपा जिले की निवासी थी। जबकि उसके पति का वास्ता झारखंड से होना बताया गया है। विवाह के बाद से बनी परिस्थितियों को लेकर पूजा ने अपने परिजनों को क्या कुछ जानकारी दी, यह ज्ञात होना बाकी है। मामला चूंकि नवविवाहिता की मौत से जुड़ा हुआ है इसलिए उसके परिजनों के आने पर अगली कार्यवाही की जाएगी। कार्यपालिक मजिस्ट्रेट के समक्ष परिजनों के बयान लिये जाएंगे और डॉक्टरों के पैनल के द्वारा उसका पोस्टमार्टम कराया जाएगा। मकान मालकिन रामकुमारी साहू ने मीडिया को बताया कि पूजा का अपने पति के साथ अक्सर विवाद होता था। इसके पीछे खास कारण पति का शराब पीकर घर आना और किचकिच करना रहा। कुछ मौकों पर उसे समझाने का प्रयास किया गया लेकिन कोई नतीजे नहीं आ सके।

1210
Ranjan Prasad

Spread the word