March 23, 2026

पहली बार हथियारों की प्रदर्शनी लगा, आमजनों को इस्तेमाल का बताया तरीका

कोरबा 30 अक्टूबर। जिला पुलिस द्वारा पहली बार अत्याधुनिक हथियार समेत अन्य हथियारों की प्रदर्शनी पुलिस स्मृति दिवस के अवसर लगाई। इस दौरान आमजनता को हथियारों की जानकारी देकर उसके इस्तेमाल करने का तरीका बताया गया। साथ ही हथियार की इस्तेमाल करने की परिस्थितियां भी बताई गई।

जिला पुलिस द्वारा पुलिस स्मृति दिवस के अवसर पर एक सप्ताह तक विभिन्न आयोजन किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में शुक्रवार को ट्रांसपोर्ट नगर स्थित पाम माल में हथियारों का प्रदर्शन किया गया। इस दौरान इंसास 5.56 रायफल, एके 47, एलएमपी, हथगोला, ग्रेनेड, थ्री नाट थ्री, पिस्टल, रिवाल्वर, आंसू गैस के साथ ही वाटर केनन वाहन व युद्धक वाहनों की भी प्रदर्शनी लगाई गई। प्रदर्शनी को काफी लोगों ने अवलोकन कर पुलिस कर्मियों से चर्चा कर जानकारी भी ली। पुलिस ने प्रत्येक हथियार के बारे में आमजनों को बताते हुए इस्तेमाल करने का तरीका भी बताया। सूबेदार भुवनेश्वर प्रसाद कश्यप ने बताया कि यहां पर रखी इंसास 5.56 रायफल की विशेषता चार सौ मीटर मारक क्षमता है। इसके लिए पुलिस प्रशासन की ओर से जवानों को प्रशिक्षण भी दिया गया है। उन्होंने कहा कि मशीनगन की श्रेणी में शामिल लाइट इंसास 5.56 की मारक क्षमता सात सौ मीटर है। आमतौर पर पुलिस ग्रेनेड इस्ट्रक्शनल पिस्टल अपने पास रखती है। सुरक्षा के मापदंड के अनुसार इसका इस्तेमाल किया जाता है। पुलिस मुख्यालय की गाइड लाइन पर पहली बार यह प्रदर्शनी लगाई गई है। शाम चार से रात आठ बजे तक लगी इस प्रदर्शनी को देखने के लिए काफी संख्या में लोग जुटे रहे। इस दौरान उपस्थित लोगों की जिज्ञासा को भी पुलिस ने जानकारी देकर शांत कराया। यहां यह बताना लाजिमी होगा कि जिला पुलिस ने हथियारों की इस तरह पहली बार प्रदर्शनी लगाते हुए आमजनों को अपनी ताकत से रूबरू कराया।

1210
Ranjan Prasad

Spread the word