March 21, 2026

छत्तीसगढ़ की कांग्रेस सरकार की कार्यशैली पर सवाल

कोरबा 20 दिसम्बर। छत्तीसगढ़ प्रदेश की कांग्रेस सरकार के तीन साल पूरे हो चुके हैं। एक ओर सत्ताधारी दल उपलब्धियों को गिना रहा है तो दूसरी ओर विपक्षी पार्टी भाजपा, एक भी वादे पूरे नहीं करने का आरोप लगाते हुए नाकामियों को बताने में लगी है।

शनिवार को भाजपा के टी पी नगर स्थित पार्टी कार्यालय में आयोजित पत्रकार वार्ता में पूर्व विधायक लखनलाल देवांगन ने छत्तीसगढ़ की कांग्रेस सरकार की कार्यशैली पर कई सवाल खड़े किए। उन्होंने कहा कि 3 साल में किसी ठोस कार्य योजना बनाकर काम नहीं होने से छत्तीसगढ़ 10 साल पीछे चला गया है। दूसरी ओर 51,300 करोड़ रुपए के कर्ज में छत्तीसगढ़ की कांग्रेस सरकार डूबी है। लेकिन इस राशि से किसी भी वर्ग का प्रदेश सरकार ने भला नहीं किया।

लखन देवांगन ने कहा कि सत्ता में आने से पहले कांग्रेस ने 36 तरह के वादे किए थे। लेकिन एक भी वादे पूरे नहीं होने से प्रदेश की महिलाएं, युवा, किसान, मजदूर, बुजुर्ग अपने आपको ठगा महसूस कर रहे हैं। नक्सल प्रभावित क्षेत्र बस्तर में शांति व सुरक्षा के लिए तैनात 1400 जवानों की मांगे पूरी नहीं होने पर हथियार सौंप देना प्रदेश के लिए काला अध्याय है। शिक्षकों, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं से किए वादे पूरे नहीं किए गए।परिणाम स्वरूप उनका धरना-आंदोलन जारी है। कमीशनखोरी के लिए रेत, कबाड़ व कोयला माफियाओं को शह दिया जा रहा है। रेत के अवैध उत्खनन से राजस्व की शासन को हो रही क्षति की परवाह नहीं है। गरीब, मजदूर वर्ग के लोगों के लिए केन्द्र सरकार कई योजनाएं चला रही है। इसका छत्तीसगढ़ में सहीं ढंग से क्रियान्वयन नहीं हो रहा है। पत्रकार वार्ता में भाजपा जिलाध्यक्ष डॉ. राजीव सिंह समेत अन्य मौजूद थे।

1210
Ranjan Prasad

Spread the word