September 12, 2024

कलेक्टर श्रीमती साहू पहुंची भैंसमा और तिलकेजा धान खरीदी केन्द्र

व्यवस्थाओं का किया निरीक्षण, किसानों से ली जानकारी

तिलकेजा केन्द्र के गोदाम में बिजली अव्यवस्था पर आरईएस अभियंता को कारण बताओ नोटिस जारी करने दिए निर्देश
कोरबा 23 दिसंबर। कलेक्टर श्रीमती रानू साहू ने करतला विकासखण्ड के भैंसमा और तिलकेजा धान उपार्जन केन्द्रों का आकस्मिक निरीक्षण किया। कलेक्टर श्रीमती साहू ने खरीदी केन्द्रों पर पहुंचकर किसानों द्वारा समर्थन मूल्य पर बेचने लाए गए धान की गुणवत्ता, समिति में बारदाना की उपलब्धता, जारी किये जा रहे टोकन, पंजी संधारण तथा धान खरीदी की मात्रा आदि का जायजा लिया। उन्होंने उपार्जन केन्द्रों से मिलरों द्वारा किए जा रहे धान की उठाव के बारे में भी जानकारी समिति प्रबंधकों से ली। कलेक्टर श्रीमती साहू ने खरीदी केन्द्रों पर अपना धान बेचने आये किसानों और खरीदी केन्द्रों में काम कर रहे हमालो से भी बात की। उन्होंने किसानों से धान खरीदी में किसी भी प्रकार की समस्या या सुझावों के बारे में पूछा। उपस्थित किसानों ने कलेक्टर को धान बेचने में किसी भी तरह की समस्या नहीं होने की जानकारी दी। कलेक्टर ने धान खरीदी केन्द्रों पर धान खरीदी के लिये किये गये सभी इंतजामों का निरीक्षण किया। इस दौरान जिला पंचायत के सीईओ श्री नूतन कंवर, केन्द्रीय सहकारी बैंक के नोडल अधिकारी श्री एस. के. जोशी सहित अन्य अधिकारी-कर्मचारी भी मौजूद रहे।

खरीदी केन्द्र स्थित गोदाम में बिजली की अव्यवस्था पर कार्यपालन अभियंता को नोटिस देने के निर्देश- कलेक्टर श्रीमती साहू ने तिलकेजा के धान खरीदी केन्द्र में धान रखने के लिए बनाए गए गोदाम में बिजली की अव्यवस्था पर आरईएस के कार्यपालन अभियंता को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए हैं। तिलकेजा के धान खरीदी केन्द्र में धान रखने के लिए गोदाम को क्रियान्वयन एजेंसी के रूप में ग्रामीण यांत्रिकी विभाग द्वारा बनाया गया है। कलेक्टर श्रीमती साहू द्वारा धान खरीदी केन्द्र निरीक्षण के दौरान गोदाम में बिजली की व्यवस्था नहीं होने की जानकारी किसानों द्वारा दी गई। कलेक्टर ने बिजली की अव्यवस्था होने की जानकारी मिलने पर आरईएस के कार्यपालन अभियंता को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश मौके पर ही अधिकारियों को दिए।

कलेक्टर श्रीमती साहू ने भैंसमा और तिलकेजा के धान उपार्जन केन्द्रों में धान खरीदी से संबंधित रजिस्टरों, बारदानों की उपलब्धता, नमीं मापक यंत्र, समर्थन मूल्य से संबंधित डिस्प्ले और बारिश की स्थिति में धान को बचाने के लिये तारपोलिन आदि की व्यवस्था की भी जानकारी ली। कलेक्टर श्रीमती साहू ने धान खरीदी केन्द्र भैंसमा में धान बेचने आई ग्राम कुकरीचोली की महिला किसान श्रीमती तिरथमति से बात की। उन्होंने महिला किसान से इस वर्ष हुए धान की उपज और समिति में बेचने के लिए लाए गए धान की मात्रा के बारे में भी पूछा। श्रीमती तिरथमति ने कलेक्टर श्रीमती साहू को बताया कि भैंसमा समिति में 28 क्विंटल धान बेचने के लिए लाई है। धान बेचने में किसी भी प्रकार की समस्या नहीं हो रही है जिससे किसान आसानी से धान की बिक्री समिति में कर रहे हैं। श्रीमती साहू ने खरीदी केन्द्रों पर रखे बारदानों को भी देखा और खरीदे गये धान से भरे बोरों की स्टैगिंग सुनियोजित तरीके से करने के निर्देश उपस्थित कर्मचारियों को दिये। कलेक्टर ने खरीदे जा रहे धान में से कुछ बोरों से धान हाथ में लेकर अवलोकन किया। उन्होंने नमी मापक यंत्र से भी धान की नमी को जांची तथा उचित नमी वाला धान ही समिति को खरीदने के लिये निर्देशित किया।

Spread the word