July 7, 2024

हरदीबाजार पुलिस ने जनचौपाल लगाकर किया समस्याओं का निराकरण

कोरबा 30 दिसंबर। दृढ़ इच्छाशक्ति और बेहतर कर दिखाने की सोच होने पर परिणाम भी अनुकूल हो सकते हैं। पुलिस इस दिशा में काम करने के साथ बदलाव ला रही है। हरदीबाजार पुलिस ने जनचौपाल और दूसरे स्तर पर काम करने के साथ लोगों की भिन्न-भिन्न शिकायतें और समस्याओं का हल किया है। उसकी कोशिश जनता का विश्वास जीतने की भी होगी।

हरदीबाजार चौकी के निरीक्षक अभय सिंह बैस ने बताया कि इस वर्ष बेहतर काम करने के साथ दूसरों को प्रेरित करने का प्रयास किया गया। मंगलवार और शुक्रवार को जनचौपाल आयोजित कर विभिन्न इलाकों से प्राप्त शिकायतों और समस्याओं को सुना गया। व्यवहारिक और तकनीकी रूप से इनका निराकरण पुलिस ने किया। इस दौरान पुलिस से जनता की दूरी को कम करने की प्रभावी कोशिश की गई। निरीक्षक बैस ने बताया कि वर्ष 2022 के लिए ऐसी ही प्राथमिकताओं के साथ हमने काम करने की प्लानिंग की है। अपराधों के नियंत्रण और इस दिशा में क्या कुछ विशेष हो सकता हैए इस हेतु योजनाबद्ध तरह से काम किया जाएगा। सूचना तंत्र की मजबूती पर और भी ध्यान देने के लिए फोकस होगा। बीट सिस्टम पहले से ही अपना काम कर रहा है और इसके सकारात्मक परिणाम हमारे सामने आये है। यह भी महसूस किया गया है कि जिन कारणों से अपराधिक घटनाएं होती हैए उसका अध्ययन और विशखेषण करने के साथ आसपास के क्षेत्र में कम्युनिटी पुलिसिंग पर काम हो। ऐसा करने से परस्पर संवाद कायम होता है और बहुत सारी गलतफहमियों को दूर करना संभव होता है। निरीक्षक बैस ने बताया कि कई मामले ऐसे होते हैं जो बहुत सामान्य श्रेणी के होते हैं और समय पर जानकारी नहीं देने से हालात बिगड़ते हैं। इसलिए कोशिश की जाएगी कि हर स्तर पर लोगों से समन्वय स्थापित किया जाएगा। चौकी प्रभारी ने बताया कि जिला पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल व अन्य सभी अधिकारियों के मार्गदर्शन के साथ क्षेत्र में व्यवस्था को हर दृष्टिकोण से अच्छा बनाने के लिए कोशिशों की जाएंगी।

Spread the word