March 24, 2026

खान खरीदी केन्द्र, टोकन के इंतजार में किसान हो रहे परेशान

कोरबा 30 दिसंबर। आदिवासी सेवा सहकारी समिति मर्यादित अखरपाली में धान खरीदी केंद्र में नियमों को ताक पर रखकर धान खरीदी की शिकायत सामने आने पर भाजपा किसान मोर्चा मौके पर पहुंच कर किसानों से चर्चा की। भारतीय जनता पार्टी किसान मोर्चा के प्रदेश उपाध्यक्ष मनोज शर्मा व किसान मोर्चा के जिलाध्यक्ष चुलेश्वर राठौर का कहना है कि अखरपाली धान खरीदी केंद्र में किसानों से शासन द्वारा निर्धारित एक एकड़ में 14.80 क्विंटल लेना है, परंतु फड़ प्रभारी द्वारा 11 क्विंटल लिया जा रहा है और टोकन भी किसानों का नहीं काटा जा रहा है। किसान सुबह से आकर शाम तक टोकन के इंतजार में बैठे रहते हैं, फिर भी उनका टोकन नहीं कट रहा है।

इस संबंध में उच्च अधिकारियों से मोबाइल में चर्चा करने के पश्चात टोकन देना शुरू किया गया। उन्होंने कहा कि फड़ में रखे धान को समुचित ढंग से रखने की व्यवस्था का अभाव भी दिखा, जहां धान के चट्टे को नमी से बचाने कोई प्रबंध नही किया गया था। फड में स्थान की कमी के कारण किसानों को घंटों बाहर बैठकर अपना नंबर आने का इंतजार करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि इस संबंध में फड़ प्रभारी रामेश्वर अनंत और समिति के अन्य सदस्यों से बात करने का प्रयास किया गया तो उन्होंने उच्च अधिकारियों को जिम्मेदार ठहराते हुए अपनी सफाई में कुछ कहने से मना कर दिया। फड़ में हो रही अनियमितताओं पर फड़ प्रभारी और समिति के अन्य सदस्य कुछ भी कहने से बच रहे हैं। इस दौरान उत्तम पटेल जिला उपाध्यक्ष पिछड़ा वर्ग मोर्चा दामोदर राठौर पूर्व जनपद सदस्य, गुड्डू कश्यप पूर्व जनपद सदस्य, दिल हरण महंत मंडल अध्यक्ष गेंदराम राजवाड़े महामंत्री धनंजय दास मीडिया प्रभारी रमेश कुमार यादव, लक्ष्मी चंद कश्यप, कन्हैया लाल समेत अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

1210
Ranjan Prasad

Spread the word