March 26, 2026

समर्थन मूल्य पर धान खरीदी का समय एक माह आगे बढ़ाए राज्य सरकार: गोपाल मोदी

कोरबा 11 जनवरी। भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता गोपाल मोदी ने समर्थन मूल्य पर धान खरीदी की समय सीमा एक माह आगे बढ़ाने की मांग राज्य शासन से की है।

भाजपा नेता मोदी ने कहा है कि मौसम की बेरुखी के कारण इस वर्ष किसानों को धान की कटाई से लेकर मिसाई तक काफी विलम्ब हुआ है। धान की समर्थन मूल्य में खरीदी प्रारम्भ होने के बाद भी किसानों को प्राकृतिक प्रकोप का सामना करना पड़ा है, जिसके कारण निर्धारित समय में सभी किसानों का धान सोसायटी में जमा हो सकेगा कहना कठिन है। पिछले दिनों बारिश के कारण धान खरीदी बाधित हुई थी। अभी मौसम विभाग की बारिश की चेतावनी के बाद 13 जनवरी तक धान खरीदी बन्द है। इसके अलावे धान खरीदी के लिए प्रदेश भर के समितियों में टोकन की संख्या और धान की मात्रा तय कर दी गई है, जिसके कारण समय सीमा के भीतर सभी किसानों का पूरे धान की ख़रीदी संभव नहीं है।

श्री मोदी ने कहा है कि मुख्यमंत्री ने किसानों का एक एक दाना धान खरीदने का वादा किया है। राज्य शासन को यह वायदा पूरा करना है। लेकिन यह तभी होगा जब धान खरीदी की समय सीमा एक माह आगे बढ़ाई जाएगी। उन्होंने राज्य शासन से किसानों के हित में फरवरी की अंतिम तिथि तक धान की खरीदी सुनिश्चित करने की मांग की है।

1210
Ranjan Prasad

Spread the word