March 24, 2026

गेरवाघाट में अवैध रेत परिवहन व उत्खनन करते 7 ट्रैक्टर जब्त

कोरबा 15 जनवरी। रेत खनन का अवैध काम लंबे समय से कोरबा क्षेत्र में जारी है। संगठित गिरोह इस काम को अंजाम देने में लगा हुआ है। इस कड़ी में आधी रात के बाद सरकारी टीम ने गेरवाघाट क्षेत्र में दबिश देकर 7 ट्रेक्टर जब्त कर लिये। इस मामले में खनिज अधिनियम के अंतर्गत कार्रवाई की जा रही है।

जानकारी के अनुसार रेत के अवैध कारोबार को बढ़ाने के लिए माफिया ट्रेक्टर चालकों से हर दिन 5 हजार रुपए वसूल कर अवैध उत्खनन का काम करवा रहे थे। माफिया के हौसले इस कदर बुलंद थे कि वो लोग सरेआम दावा किया करते थे कि उनकी सभी विभागों में सेटिंग है और उनके गाडिय़ों को कोई नहीं पकड़ सकता है। इस मामले की जानकारी जब प्रशासन को हुई तो उन्होंने माइनिंग विभाग की स्पेशल टीम बनाकर रात करीब 3 बजे छापामार कार्रवाई कराई। इस दौरान राताखार गेरवा घाट के निकट अवैध परिवहन व उत्खनन करते 7 ट्रैक्टर पकड़ में आये। इस पूरे मामले में सोहेब व एक अन्य का नाम सामने आ रहा है। फिलहाल विभाग की कार्रवाई से माफियाओं में हड़कम्प है। दूसरी ओर रेत माफिया कादिर खान पर भी टीम जल्द कार्रवाई करने की बात कह रही है। रेत के मामले में अवैध संचालन को लेकर गुटबाजी भी जोरों पर है। रेत का तेल निकालने के लिए हर धड़ा इस कदर आतुर है कि खाकी से लेकर खादी का गठजोड़ कराते और अपनी रिश्तेदारी व एप्रोच तक गिनाते फिर रहे हैं। इस अधिकारी ने अपने शीर्ष को तो भरोसे में ले लिया लेकिन माइनिंग को समेट नहीं पाए और छापा पड़ गया। तू डाल-डाल मैं पात-पात की तर्ज पर खनन और छापा का काम चल रहा है। इस खेल में जनता पिस रही है और सरकार को राजस्व का नुकसान भी हो रहा है।

1210
Ranjan Prasad

Spread the word