March 21, 2026

दहेज के नाम पर विवाहिता को घर से निकाला, पति ने की दूसरी शादी

कोरबा 24 जनवरी। दहेज के नाम पर प्रताड़ित करते हुए ससुरालियों ने विवाहिता को ससुराल से निकाल दिया और इसके बाद उसके पति ने दूसरी शादी कर ली। इस मामले में कोर्ट के आदेश पर पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है।

जानकारी के अनुसार कटघोरा थाना के डुडगा निवासी नम्रता जायसवाल के परिवाद पर न्यायालय के आदेश पर उक्त कार्रवाई कटघोरा थाना में की गई है। नम्रता के अनुसार उसकी शादी जुलाई 2016 में कटघोरा के ही नवागांव के राजेश जायसवाल से हुई थी। ससुराल पहुंचते ही उसे दहेज के नाम पर पति समेत ससुराल वाले प्रताड़ित करने लगे। मायके पक्ष से मिले उपहार पर कमी निकालकर नम्रता को ताना मारा जाने लगा। दूसरी जगह शादी करने पर कार और नकद रकम मिलने की बात कही जाती थी। ससुराल में उसे दिनभर काम लिया जाता और मायके जाने नहीं दिया जाता था। मई 2018 में बेटी होने के बाद मुश्किल से 8 दिन उसे मायके में रहने दिया गया। इसके बाद प्रताड़ना का दौर जारी रहा। जनवरी 2020 में पति राजेश ने नम्रता को बच्चे के साथ घर से निकालने की बात कह मायके छोड़ दिया।

वहीं दूसरी शादी की बात कही। नवंबर 2021 में राजेश ने कोटा बिलासपुर की एक महिला से दूसरी शादी कर ली। नम्रता ने शादी की बात पता चलने पर पुलिस से गुहार लगाई, लेकिन मदद नहीं मिली। पति और ससुरालियों के कारण जीवन बर्बाद होने पर नम्रता ने कटघोरा न्यायालय में परिवाद लगाया। न्यायालय ने परिवाद की सुनवाई करते हुए कटघोरा पुलिस को पति समेत ससुराल वालों के खिलाफ फआईआर का आदेश दिया। इसके आधार पर पति राजेश, ससुर कमल कुमार, सास रामकुमारी, ननद वर्षा व राजेश की दूसरी पत्नी चांदनी समेत जयशंकर व नंदलाल के खिलाफ दहेज प्रताड़ना का केस दर्ज किया गया है।

1210
Ranjan Prasad

Spread the word