March 24, 2026

आधी कीमत पर मिलेगी किसानों को खेती के लिए जरूरी दवाईयां और जैविक खाद

किसान नजदीकी कृषि कार्यालय या क्षेत्रीय आरएईओ से संपर्क कर ले सकते है लाभ

कोरबा 29 जनवरी। खेतों में लगी फसलों में कीट-व्याधि पर अब किसानों की चिन्ता खत्म हो रही है। कृषि विभाग द्वारा कीट-व्याधि प्रकोप पर फसलों में डाली जाने वाली कीटनाशक दवाएं किसानों का आधी कीमत पर दी जाएंगी। इसके साथ ही जरूरी सुक्ष्म पोषक तत्वों वाली खाद और जैविक उर्वरक आदि भी 50 प्रतिशत छूट पर किसानों को मिलेंगे। जिले में संचालित राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा मिशन योजना के तहत किसानों को यह छूट मिलेगी। योजना का लाभ लेने के लिए किसान अपने विकासखंड के वरिष्ट कृषि विकास अधिकारी कार्यालय या क्षेत्रीय एडीओ-आरएईओ से संपर्क कर सकते है।

कृषि विभाग के उप-संचालक ने बताया कि किसानों को सूक्ष्म पोषक तत्व जैसे जिंक सल्फेट, जिंक इडीटा, एग्रोमिन तथा जैविक उर्वरक जैसे ट्राइकोडर्मा, माइकोराइजा, नीमखली, नीमकेक आदि के खरीदी पर 50 प्रतिशत छूट दी जाएगी। उप संचालक ने बताया कि फसलों में कीट व्याधि की रोकथाम-ईलाज के लिए उपयोग होने वाली रासायनिक दवाओं, कीटनाशकों, खरपतवार नाशकों की खरीदी पर भी किसानों को यह छूट मिलेगी। इसके लिए किसानों को कृषि विभाग द्वारा जारी वैध लाइसेन्स प्राप्त कृषि केंद्रो से खरीदी करनी पड़ेगी। किसानों को छूट प्राप्त करने के लिए खरीदी गई दवा या खादों के बिल की मूल प्रति, जमीन का खसरा, बी-1 की प्रति, बैंक पास बुक और आधार कार्ड की छाया प्रति स्थानीय कृषि कार्यालय में जमा करनी होगी। छूट की राशि सीधे किसानों के बैंक खातों में जमा की जाएगी।

1210
Ranjan Prasad

Spread the word