March 17, 2026

पर्यावरण से खिलवाड़ करने वालों पर नपा ने लगाई पेनाल्टी

कोरबा 1 फरवरी। पर्यावरण से संबंधित नियमों की अनदेखी करने के मामले में प्रशासन लगातार सख्त हो रहा है। ऐसे मामलों में कार्रवाई की जा रही है। नगर पालिका परिषद दीपका ने यहां के व्यवसायिक क्षेत्र में नियमों से खिलवाड़ करने को लेकर कुछ व्यवसायियों पर सख्ती की। उनसे 1400 रुपए की पेनाल्टी वसूल की गई है। इसी के साथ भविष्य में ऐसा करते पाए जाने पर कड़ी कार्रवाई करने की चेतावनी दी गई।

मुख्य नगर पालिका अधिकारी भोला सिंह ठाकुर के निर्देश पर यह कार्रवाई की गई। टीम ने पाया कि पर्यावरण संरक्षण मंडल के द्वारा जो प्रतिबंध लगाए गए हैं उनकी अनदेखी स्थानीय स्तर पर की जा रही है। मौके पर कुछ लोगों को प्रतिबंधित प्लास्टिक कैरी बेग का उपयोग करते हुए पाया गया। इसी के साथ निषिद्ध स्थान पर कचरा फेंकने के साथ गंदगी की गई। ऐसे लोगों ने नगर पालिका के द्वारा चलाए जा रहे स्वच्छता अभियान पर पलीता लगाया। उक्तानुसार संबंधितों पर पेनाल्टी की गई। इस कार्रवाई में स्वच्छता निरीक्षक सचिंद्र थवाईत सहित अजय जायसवाल, अर्जुन राठौर और अन्य कर्मी शामिल रहे।

1210
Ranjan Prasad

Spread the word