March 17, 2026

परिजनों से हुआ था विवाद, अशोक वाटिका में मिला युवक का शव

कोरबा 25 फरवरी। सीएसईबी पुलिस चौकी क्षेत्र के अंतर्गत वन विभाग की अशोक वाटिका में युवक का शव मिला है। उसकी पहचान इसी इलाके के निवासी के रूप में की गई है। पुलिस ने मामले को खुदकुशी से जुड़ा माना है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर वास्तविक कारणों का पता चलने की बात कही जा रही है।

जानकारी के अनुसार सीएसईबी चौक से स्टेडियम जाने वाले रास्ते पर वन विभाग की अशोक वाटिका है जिसके भीतरी हिस्से में सुबह तब हड़कप मच गई जब कुछ लोगों ने पेड़ पर लटके युवक को देखा। यह नजारा देखकर मार्निंग वॉक करने पहुंचे लोग हक्के-बक्के रह गए। जानकारी आम होने पर यहां कौतूहलवश भीड़ लग गई। सूचना दिए जाने पर सीएसईबी पुलिस की टीम यहां पहुंची और मुआयना किया। देखा गया कि सामान्य प्रजाति के पेड़ पर एक युवक लटका हुआ है। नजरी नक्सा बनाने के साथ पुलिस ने पंचनामा की कार्यवाही की। सीएसईबी चौकी प्रभारी नवल साव ने बताया कि युवक की पहचान दुर्गेश शर्मा निवासी अटल आवास पंपहाउस कोरबा के रूप में की गई है। घटना स्थल से उसके निवास क्षेत्र की दूरी बहुत ज्यादा नहीं है। प्रारंभिक जांच में जो तथ्य सामने आए हैं उसमें कहा गया है कि 22 फरवरी को अपने घर में किसी बात को लेकर युवक का मां से विवाद हुआ था। जिसके बाद उसने सामान पेक किया और घर से चला गया। उसके द्वारा नहीं आने की बात कही गई थी। मनोज ट्रांसपोर्ट में काम करने वाले युवक की तलाश तब से की जा रही थी। इस बीच तीसरे दिन आज उसे मृत स्थिति में देखा गया। पुलिस का कहना है कि फिलहाल मामला खुदकुशी का प्रतीत होता है। पीएम रिपोर्ट से कई पहलू सामने आएंगे।

1210
Ranjan Prasad

Spread the word