August 20, 2024

चार थर्ड जेंडर बालको के फोर्कलिफ्ट आपरेटर के तौर पर देंगे सेवाएं

कोरबा 5 मार्च। चार थर्ड जेंडर नागरिक भारत एल्यूमिनियम कंपनी लिमिटेड बालको में नियोजित कर लिए गए हैं। थर्ड जेंडर नागरिकों की पृष्ठभूमि, समुदाय की सामाजिक स्थिति, मनोवैज्ञानिक समस्याएं एवं समाधान विषय पर एक कार्यशाला बालको लर्निंग सेंटर में आयोजित की गई थी। इसी दौरान बालको के सीईओ एंड डायरेक्टर अभिजीत पति की उपस्थिति में थर्ड जेंडर नागरिकों को ज्वानिंग किट सौंपे गए।

बालको छत्तीसगढ़ राज्य का संभवतः पहला औद्योगिक संगठनों है जहां थर्ड जेंडर नागरिक को अपने कैरियर की शुरूआत करने का मौका मिला है। ये नागरिक एमएस गियर इंडिया लिमिटेड, मुंबई के अधीन फोर्क लिफ्ट आपरेटर की सेवाएं देंगे। तृतीय लिंग कल्याण बोर्ड छत्तीसगढ़ की सदस्य एवं अध्यक्ष छत्तीसगढ़ मितवा संकल्प समिति विद्या राजपूत ने बताया कि बालको के लगभग 500 अधिकारी-कर्मचारियों की उपस्थिति में थर्ड जेंडर नागरिक भगत भवानी राठिया, रूपा कुर्रे, कनिष्का सोना तथा रानू सिंह बालको परिवार का सदस्य बनाया गया। उन्होंने इस बात पर प्रसन्नाता जताई कि लैंगिक भेदभाव के परे उन्हें हुनर दिखाने का अवसर मिल रहा है। उन्होंने यह भी बताया कि छत्तीसगढ़ राज्य शासन ने पुलिस विभाग में 13 थर्ड जेंडर नागरिकों को कांसटेबल के तौर पर सेवा का मौका दिया है। बालको तथा राज्य शासन की पहल देश में ऐतिहासिक बदलाव का संकेत है। उन्होंने थर्ड जेंडर नागरिकों के सामाजिक एवं भावनात्मक पक्षों के बारे में श्रोताओं को अनेक जानकारियां दी।

बालको के सीईओ अभिजीत पति ने कहा कि थर्ड जेंडर समुदाय की मदद से बालको में नए सामाजिक परिवर्तन और अंधविश्वास को खत्म करने की शुरूआत हो रही है। वेदांता समूह के चेयरमैन अनिल अग्रवाल के मार्गदर्शन में बालको प्रबंधन प्रतिभाओं की तलाश करने और उन्हें देश के विकास में योगदान के लिए तैयार करने की दिशा में काम कर रहा है। उद्योग प्रतिभाओं के बूते संचालित होता है। प्रतिभा लैंगिक पूर्वाग्रहों से मुक्त होती है। कोई भी व्यक्ति जन्मजात प्रतिभाशाली नहीं होता बल्कि उसे तैयार करना पड़ता है। उन्हें आगे बढ़ाने के लिए हरसंभव माहौल तैयार करें। थर्ड जेंडर नागरिकों को बालको प्रबंधन प्लांट आपरेशन के विभिन्न क्षेत्रों में अवसर देने के लिए तैयार है।

Spread the word