March 17, 2026

रविन्द्रनाथ टैगोर की 161 वीं जयंती पर सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने दर्शकों को किया मंत्रमुग्ध

कोरबा 10 मई। विश्वकवि रविन्द्रनाथ टैगोर की 161 वीं जयंती पर औद्योगिक नगर में याद किया गया। पूजा अर्चना के साथ यह कार्यक्रम शुरू हुआ। यहां पर कलाप्रेमियों ने रविन्द्रनाथ की रचनाओं के साथ उनके साहित्यिक योगदान को याद किया। बच्चों के द्वारा दी गई सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने दर्शकों पर विशेष प्रभाव छोड़ा। नगर निगम क्षेत्र के वार्ड नंबर 12 शारदा विहार के दुर्गा पूजा पंडाल में महिला मंडल ने यह आयोजन किया। क्षेत्र के युवा और बच्चे इस कार्यक्रम का हिस्सा बने। आयोजन के लिए पहले से तैयारी की जा रही थी। जयंती पर इसे फिनिशिंग टच दिया गया। स्वर, शब्द और संगीत के साथ आयोजित किये गए।     

इस कार्यक्रम के शुभारंभ अवसर पर महिला मंडल की पदाधिकारियों ने रविन्द्रनाथ टैगोर की अनमोल रचना का स्मरण किया। बताया गया कि उन्होंने अपने जीवनकाल में साहित्य की विशेष सेवा की। राष्ट्र के लिए भी उन्होंने योगदान दिया। गीत के माध्यम से उनकी रचनाओं पर बात की गई। अगली कड़ी में कालोनी की बालिकाओं और युवतियों ने रंगारंग कार्यक्रम प्रस्तुत किये। ये सभी विश्व कवि की रचनाओं पर केन्द्रित थे। इनके माध्यम से दर्शाया गया कि रचनात्मकता का अपना विशेष महत्व होता है और विश्व कवि ने अपने जीवन काल में जिस तरह से साहित्य सृजन किया, वह लंबे समय तक जीवंत बना रहेगा। दो घंटे तक चले इस प्रभावपूर्ण कार्यक्रम को देखने-सुनने के लिए बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे। धन्यवाद ज्ञापन के साथ बच्चों को प्रोत्साहित किया गया। इसी के साथ कार्यक्रम समाप्त हुआ।

1210
Ranjan Prasad

Spread the word