March 17, 2026

ज्वेलरी शॉप में चोरी की योजना असफल, चोरों ने किया सीसीटीवी कैमरों को क्षतिग्रस्त

कोरबा 29 मई। दर्री पुलिस सबडिविजन के अंतर्गत एचटीपीपी गेट जैलगांव क्षेत्र में पिछली रात एक ज्वेलरी शॉप में चोरी करने का प्रयास किया गया लेकिन चोर असफल रहे। तिजोरी को तोडऩे में सफलता नहीं मिलने पर चोर भाग खड़े हुए। आज सुबह आसपास के लोगों को जानकारी होने के बाद दुकान संचालक को अवगत कराया गया। दर्री पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है।     

जानकारी के अनुसार अयोध्यापुरी में रहने वाला संतोष सोनी जैलगांव गेट पर शिवम ज्वेलर्स नाम से सराफा दुकान चलाता है। शनिवार को दिन भर व्यवसाय करने के बाद वह रात्रि 10 बजे के लगभग अपने घर चला गया। पहले की तरह दुकान में सुरक्षा व्यवस्था को सुनिश्चित किया गया।  देर रात को यहां पर चोरी की घटना को अज्ञात तत्वों ने अंजाम दिया। दुकान की ग्रीन और शटर के ताले तोड़ने के साथ वे अंदर घुसे। खुद को बचाने के लिए चोरों ने यहां पर संचालक के द्वारा लगाए गए सीसीटीवी कैमरों को तोड़ दिया। इसके बाद मौके पर मौजूद कुछ सामानों को समेटा। उनकी योजना लंबा हाथ मारने की थी। इसके लिए एक स्थान पर रखी तिजोरी को वहां से हटाने का काम किया गया। लेकिन उसे अपने तरीके से नुकसान पहुंचाने में चोर असफल रहे और भाग गए।     

जैलगांव गेट पर एक व्यवसायिक परिसर में अलग-अलग प्रकार की दुकानें संचालित हो रही हैं। आज सुबह सबसे पहले यहां पंक्चर दुकान का संचालक पहुंचा। उसने ज्वेलरी दुकान का ताला टूटा हुआ पाया और काफी कुछ गड़बड़ी देखी। तुरंत दुकान संचालक सोनी को फोन कर जानकारी दी गई जिसके बाद संतोष सोनी यहां पहुंचा। कुछ ही देर में पुलिस ने उपस्थिति दर्ज कराई और शुरुआती जांच की। मामला गंभीर था इसलिए एडिशन एसपी अभिषेक वर्मा और दर्री पुलिस ने घटना स्थल का जायजा लिया। इसी के साथ स्नैफर डॉग को भी अनुसंधान में लगाया गया। सीसीटीवी टूट गए हैं इसलिए आसपास के क्षेत्र में मौजूद सिस्टम से जानकारी ली जा रही है।

1210
Ranjan Prasad

Spread the word