March 18, 2026

बुंदेली हाईस्कूल में जागरूकता शिविर आयोजित

कोरबा 11 जून। लोगों को यातायात और विभिन्न मामलों में जागरूक करने के लिए पुलिस लगातार अभियान चला रही है। इसके अंतर्गत शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों में प्रयास किये जा रहे हैं। जिला मुख्यालय से 17 किमी दूर बुंदेली के हाईस्कूल में जागरूकता शिविर आयोजित करने के साथ विद्यार्थियों और लोगों को उपयोगी जानकारी दी गई। लोगों ने इस प्रयास की सराहना की।   

विद्यालय की प्राचार्य पी शांडिल्य और शिक्षकों की मौजूदगी में यह कार्यक्रम किया गया। विद्यार्थी और स्थानीय लोग इसका हिस्सा बने। यातायात पुलिस के एएसआई मनोज राठौर ने यहां पर लोगों को यातायात नियमों और संबंधित प्रावधानों के बारे में अवगत कराया। बताया गया कि यातायात के नियम वाहन चालकों के साथ-साथ लोगों के लिए बनाए गए हैं ताकि आवाजाही के दौरान हर कोई इसके प्रति सतर्क रहें। क्योंकि उन्हें इसकी जानकारी होने से यह पता हो सकता है कि क्या सही है और क्या करना गलत होगा। राठौर ने लोगों से संवाद करते हुए जेब्रा क्रासिंग, सिग्नल, आड़े-तिरछे मोड़, स्पीड ब्रेकर से लेकर कई प्रकार के संकेतकों और इनके पीछे के सिद्धांत को बताया। कहा गया कि जो भी लोग सड़कों पर चलते हैं उनके लिये ऐसे नियमों की जानकारी होना आवश्यक है। खासतौर पर इस बात पर जोर दिया गया कि दोपहिया, तिपहिया से लेकर किसी भी तरह के वाहन चलाने के दौरान चालकों को हर हाल में सावधानी रखनी जरूरी है क्योंकि जरा सी भी लापरवाही आपको मुश्किल में डाल सकती है। कुल मिलाकर लोगों को यह बात याद रखना होगा कि सुरक्षा सबसे महत्वपूर्ण है और इसे अपनाना जरूरी है क्योंकि जिंदगी आपको दूसरा चांस कभी नहीं देती। याद रहे जिले में अलग-अलग स्थानों पर पुलिस अधिकारियों के निर्देशन में मैदानी अमला इस तरह की कोशिश कर रहा है ताकि लोग सावधान रहे। इसके माध्यम से साइबर ठगी और दूसरे अपराधों से लोगों को बचाने के लिए जरूरी सीख भी दी जा रही है।

1210
Ranjan Prasad

Spread the word