April 15, 2026

भाजपा पार्षदों ने वार्ड में विकास कार्य अवरुद्ध होने का लगाया आरोप

कोरबा 3 जुलाई। भारतीय जनता पार्टी के पार्षदों ने नगर निगम पर आरोप लगाते हुए कहा कि वार्ड के विकास से संबंधित कोई प्रस्ताव नगर निगम में दिया जा रहा हैए तो उसे रद्दी की टोकरी में फेंक दिया जाता है। पार्षद निधि के कार्य एवं अन्य संधारण के कार्य रुके हुए हैं, कार्य की फाइल गायब हो रही है। इससे वार्ड में विकास कार्य अवरूद्ध है। अगर स्थिति नहीं सुधरती है तो एक बड़े आंदोलन के जरिए महापौर व आयुक्त को समस्याओं से अवगत कराया जाएगा। जरूरत पडऩे पर संगठन से चर्चा कर महापौर के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लाया जाएगा।

अपने वार्ड में हो रही अनदेखी पर नाराज भाजपा पार्षद दल की बैठक शनिवार को पंचवटी विश्राम गृह में आयोजित की गई। इस दौरान भाजपा के 26 पार्षद शामिल हुए। सभी ने वार्ड में विकास कार्य अवरुद्ध होने का आरोप लगाया। नेता प्रतिपक्ष हितानंद अग्रवाल ने कहा कि वार्ड में बिजली, पानी, हितग्राहियों को प्रधानमंत्री आवास की समस्या, सिटी बस का संचालन, स्वच्छता सहित कई ऐसे ज्वलंत मुद्दे हैं, जिन पर वर्तमान में महापौर और आयुक्त ध्यान नहीं दे रहे हैं। सभी पार्षदों ने एकस्वर में कहा कि अगर नगर निगम में स्थिति नहीं सुधरती है, तो आने वाले दिनों में एक बडा आंदोलन किया जाएगा। इसके माध्यम से महापौर व आयुक्त को समस्याओं से अवगत कराने के साथ ही मजबूर किया जाएगा कि बिना किसी भेदभाव के सभी वार्डों में समान रूप से कार्य को अंजाम दिलाएं। पार्षदों ने बताया कि आवश्यक होने पर संगठन से चर्चा उपरांत महापौर के विरुद्ध अविश्वास प्रस्ताव भी लाया जा सकता है। इस दौरान ऋतु चौरसिया, विकास अग्रवाल, नरेंद्र देवांगन, कमला बरेठ, धनश्री साहू, उर्वशी राठौर, शैल राठौर, पुष्पा कंवर, प्रभावती चौहान, पुराइन बाई, प्रतिभा निखिल शर्मा, बुधवार साय यादव, नारायण दास महंत, गंगाराम भारद्वाज, तरुण राठौर, सुफल दास, अमित मिंज, फिरत राम साहू, ममता बलिराम साहू, कविता नारायण ठाकुर, विजय साहू उपस्थित रहे।

1210
Ranjan Prasad

Spread the word