July 7, 2024

कोरबा: अब पूरी तरह बदली हुई नजर आएगी जिले की फिजा- सिंह

कोरबा 11 जुलाई। जिले की फिजा अब पूरी तरह बदली हुई नजर आएगी। यह कहना है जिले के नव पदस्थ पुलिस अधीक्षक संतोष सिंह का। पदभार ग्रहण करने के बाद सोमवार को वे स्थानीय मीडिया से बात कर रहे थे। उनसे पूछा गया था कि बीते दो- तीन वर्षों से जिले में जो फिजा है, क्या वह बदलेगी?

पत्रकारों के सवालों का जवाब देते हुए उन्होंने कहा कि वह जिले में बेहतर पुलिसिंग सुनिश्चित करेंगे। उन्होंने रायगढ़, कोरिया और राजनांदगांव जिलों में अपने द्वारा संचालित किये गए कम्युनिटी पुलिसिंग का उल्लेख करते हुए कहा कि कोरबा जिले में भी नशा के खिलाफ निजात अभियान चलाया जाएगा। साथ ही जुआ सट्टा और जिस्मफरोशी जैसे सामाजिक अपराधों पर सख्ती के साथ नियंत्रण किया जाएगा। एसपी संतोष सिंह ने कहा कि यह ऐसे सामाजिक अपराध हैं जो केवल पुलिस के प्रयास से समाप्त नहीं हो सकते। इनकी रोकथाम के लिए समाज को भी आगे आना होगा। एसपी सिंह ने नशे की प्रवृत्ति को समाज और कानून व्यवस्था के लिए सबसे बड़ी चुनौती बताते हुए कहा कि हमारी कोशिश ना सिर्फ नशे के अवैध व्यापार को रोकने की है बल्कि नशे के आदी हो चुके हर वर्ग को इससे छुटकारा दिलाने का प्रयास भी किया जाएगा। हर नशा करने वालों को जेल नहीं भेजा जा सकता इसलिए काउंसिलिंग जैसे विकल्पों पर भी काम होगा।

पुलिस अधीक्षक संतोष सिंह ने कहा कि कोरबा सघन आबादी और खदान क्षेत्र में यातायात का भारी दबाव रहता है। इसी दबाव की वजह से जिले में सड़क दुर्घटनाओं का आंकड़ा भी बढ़ रहा है। प्रयास होगा कि नगरीय निकायों की मदद से सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाकर जन-धन की हानि को रोका जाए। इसके अलावा हाइवे पेट्रोलिंग, गश्त, यातायात के जवानों की तैनाती पर नए सिरे से काम किया जाएगा। नगर निगम के अधिकारी, कर्मचारियों की मदद से सड़क सुरक्षा को मजबूत किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया का दुरूपयोग न हो। हमें यह सुनिश्चित करना होगा कि खबरों में सत्यता हो और वह किसी व्यक्ति, वर्ग अथवा समुदाय को आहत न करता हो। उन्होंने कहा कि सायबर अपराध के तहत ऑनलाइन ठगी के मामले सभी जिलों में सामने आये हैं। जुआ, सट्टा से अलग क्रिप्टो करंसी जैसे आधुनिक तरीकों से भी आर्थिक अपराध ने सिर उठाया है। राजनांदगांव में उन्होंने क्रिप्टो करंसी से जुड़े एक बेहद जटिल मामले को सुलझाने में कामयाबी पाई थी। इस तरह के अपराध की रोकथाम के लिए कोरबा पुलिस की विशेष टीम काम करेगी।

पुलिस अधीक्षक संतोष सिंह ने कहा कि निवर्तमान एसपी भोजराज पटेल ने जिले में सामुदायिक पुलिसिंग को काफी मजबूत किया है। उनके प्रयासों से आमजन का पुलिस के प्रति विश्वास बढ़ा है। जनता से सीधे संवाद के माध्यम से किये गए उनके कार्य अनुकरणीय हैं। जिला पुलिस कम्युनिटी पुलिसिंग से जुड़े सभी कार्यक्रमों को आगे भी जारी रखेगी। उन्होंने छुटपुट अपराधों से लेकर घरेलू हिंसा, मारपीट, जमीन विवाद का निवारण लिए भी कम्युनिटी पुलिसिंग को महत्वपूर्ण बताया।

इससे पहले पदभार ग्रहण करने के तुरंत बाद उन्होंने पुलिस अधिकारियों व थाना-चौकी प्रभारियों की बैठक में कहा कि जिले में पुलिसिंग दिखनी चाहिए और आपराधिक तत्वों पर कार्यवाही में कोई कमी ना हो।

Spread the word