July 7, 2024

दलगत राजनीति से ऊपर उठकर मुर्मू के पक्ष में मतदान करें छत्तीसगढ़ के सांसद- विधायक: ननकीराम कंवर

जनजाति समुदाय सांसद- विधायक एकजुट होकर मुर्मू को समर्थन दें

कोरबा 12 जुलाई। छत्तीसगढ़ के अनुसूचित जनजाति के कद्दावर नेता, प्रदेश के पूर्व गृहमंत्री और रामपुर क्षेत्र से भारतीय जनता पार्टी के विधायक ननकीराम कंवर ने प्रदेश के सभी जनजाति के सांसद और विधायकों से दलगत राजनीति से ऊपर उठकर जनजाति समुदाय से राष्ट्रपति पद की प्रत्याशी द्रोपदी मुर्मू के पक्ष में मतदान करने की अपील की है।

उन्होंने बताया कि राष्ट्रपति पद की प्रत्याशी द्रोपदी मुर्मू 15 जुलाई 2022 को जनसम्पर्क के लिए छत्तीसगढ़ आ रही हैं। इस अवसर पर प्रदेश के जनजाति सहित सभी समुदाय के सांसद- विधायकों को उनके प्रति समर्थन व्यक्त करना चाहिए। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ में जनजाति समुदाय की जनसंख्या सबसे अधिक है। समुदाय को एकजुटता का परिचय देते हुए द्रोपदी मुर्मू के पक्ष में मतदान करना चाहिए।

विधायक ननकीराम कंवर ने कहा कि राष्ट्रपति पद की उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू जनजातीय समाज की अस्मिता की आवाज है। उनको राष्ट्रपति पद की उम्मीदवार बनाए जाने से सर्वसमाज गौरवान्वित महसूस कर रहा है। यह हम सबके लिए गौरव की बात है कि समाज के अंतिम व्यक्ति के सेवाभाव की प्रतीक मुर्मू राष्ट्रपति उम्मीदवार के तौर पर चुनावी समर में है। हम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के इस दूरगामी फैसले का जनजाति गौरव समाज की ओर से स्वागत करते है। छत्तीसगढ़ राज्य में 32 प्रतिशत जनजाति समुदाय की आबादी है। इसलिए भी हमारे लिए यह पल सदैव स्मरणीय होगा कि देश की सर्वोच्च लोकतांत्रिक संस्था के प्रमुख के रूप में वह समाज से प्रतिनिधि करने वाली पहली जनजाति महिला होंगी। देश की आजादी के बाद पहली बार इस तरह का फैसला लिया गया है किजनजाति समुदाय की प्रतिनिधित्व करने वाली द्रौपदी मुर्मू देश की राष्ट्रपति पद की प्रत्याशी बनाई गई है।

उन्होंने कहा कि द्रौपदी मुर्मू झारखंड की राज्यपाल भी रही हैं। उनका कार्यकाल अनुकरणीय व प्रेरणादायी रहा है। वे संथाल जनजाति का प्रतिनिधित्व करती है। इसके साथ ही उड़ीसा प्रदेश सरकार में मंत्री व संगठन के कई दायित्वों में कार्य करते हुए वे समग्र समाज के हित के लिए सदैव कार्य करती रही हैं। उन्होंने कहा कि आजादी के इतने वर्षों के बाद भी जनजाति समाज उपेक्षित रहा है जिन्हें समाज की मुख्यधारा में जोड़ने के लिए पूर्व प्रधानमंत्री, भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी ने अलग से जनजातीय मंत्रालय बनाकर समाज के विकास को नवगति दी है। उसी दिशा में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, समाज की मजबूती के लिए कार्य कर रहे हैं। देश में 12 फीसदी से ज्यादा जनजाति समाज की आबादी है। इस ऐतिहासिक फैसले से समाज का हर वर्ग बेहद प्रसन्न है और मुर्मू के राष्ट्रपति पद की प्रत्याशी घोषित होने के बाद से ही समाज में हर तरफ उत्साह का वातावरण है। द्रोपदी मुर्मू सदैव संघर्ष की राह पर चलकर सामाजिक, राजनीतिक सुचिता के लिए कार्य करती रही हैं। हम सबको विश्वास है कि वह देश की भावनाओं के अनुरूप हमेशा कार्य करती रहेंगी। उन्होंने कहा कि सभी राजनीतिक दलों के सांसद, विधायकों को मुर्मू के पक्ष में मतदान कर मजबूत राष्ट्र के निर्माण में अपनी महत्ती भूमिका निभाना चाहिए। उन्होंने अन्य दलों के विधायक सांसदों से भी मुर्मू को समर्थन देने की अपील की हैं। विधायक कंवर ने आज भाजपा कार्यालय में इस सम्बंध में पत्रकारों से चर्चा भी की।

Spread the word