March 17, 2026

कार से टकराकर बाइक सवार बांगो बटालियन के जवान की मौत

कोरबा 10 अगस्त। मंगलवार को भुलसीडीह बेरियर के पास तेज रफ्तार बाइक एक कार से जा टकराई। इसमें बांगो बटालियन के एक जवान की मौत हो गई।

हादसे में बाइक पर सवार दो युवकों को गंभीर चोटें आई। घायलों को डायल 112 की मदद से जिला अस्पताल पहुंचाया गया। परीक्षण कर चिकित्सक ने एक युवक को मृत घोषित कर दिया। मरने वाले की पहचान केशव नेताम से की गई है। वह 13 वीं बांगो बटालियन का जवान था। वर्तमान में केशव की तैनाती कोरबा पुलिस लाइन में थी। वह पूर्व गृहमंत्री ननकीराम कंवर के फालोगार्ड में चलता था। कांकेर जिले का मूल निवासी था। घायल युवक का नाम मनीष बंजारे बताया गया है। मनीष भी बांगो बटालियन का जवान है। कोरबा पुलिस लाइन में दोनों एक साथ रहकर ड्यूटी करते थे।

हादसे के संबंध में बताया जाता है कि दोनों जवान एक बाइक से रिसदी होकर कोरकोमा की ओर जा रहे थे। भुलसीडीह बेरियर के पास बाइक के सामने एक स्वीफ्ट कार चल रही थी। जवानों ने कार को ओवरटेक कर आगे निकलने का प्रयास किया। इस बीच संतुलन बिगड़ गया। जवानों की बाइक पीछे से कार से टकरा गई। दोनों उछलकर सड़क पर गिरे और दोनों को गंभीर चोटें आई। परीक्षण कर चिकित्सक ने केशव को मृत घोषित कर दिया। जबकि मनीष का इलाज जारी है।

1210
Ranjan Prasad

Spread the word