February 25, 2026

गोठानों में सुरक्षा नहीं, पंप और सोलर प्लेट की हो रही चोरी

कोरबा 22 अगस्त। ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों की आय बढ़ाने के लिए प्रदेश सरकार की ओर से गोठानों का निर्माण कराया जा रहा है। लोगों का आजीविका मिशन के कार्यों से जोड़ा जा रहा है। गोठानों को सौर ऊर्जा से रोशन कर रोजगार को बढ़ावा देने के लिए कई प्रकार की गतिविधियां संचालित की जा रही है।

कोरबा में लगभग 240 गोठान संचालित हैं। इसमें क्रेडा विभाग की ओर से सोलर प्लेट और सबमर्शिबल पंप लगाए गए हैं। लेकिन आजकल यही पंप और सोलर प्लेट चोरों के निशानें पर हैं। गिरोह आए दिन गोठानों में धावा बोलकर पंप, सोलर प्लेट, तार और लाइट की चोरी कर रहा है। सबसे अधिक घटनाएं विकासखंड पोड़ी उपरोड़ा, पाली और कटघोरा क्षेत्र में रही है। इसकी बड़ी वजह गोठानों में सुरक्षा का नहीं होना है। प्रशासन की ओर से गोठानों की सुरक्षा का दायित्व गोठान संचालन समिति को सौंपा गया है। लेकिन समिति के पास इतनी राशि नहीं है कि सुरक्षा गार्ड रख सके या मजदूरी देकर किसी अन्य व्यक्ति को सुरक्षा के काम पर लगा सके। गोठानों पर दिन में संचालन समिति की नजर रहती है लेकिन रात में इसकी सुरक्षा के लिए कोई रहता है। इसी का लाभ चोर गिरोह उठा रहा है। चोर गिरोह गोठानों से सबमर्शिबल पंप और सोलर प्लेट के अलावा अन्य सामान की चोरी कर ले रहा है। इससे गोठानों के समक्ष समस्या खड़ी हो रही है। जिला प्रशासन को भी आर्थिक नुकसान हो रहा है।

सरकार की ओर से गोठानों का निर्माण कराया जा रहा है। वहां मवेशियों को रखने के लिए कहा गया है। लेकिन गोठानों संचालन समितियों का आरोप है कि सरकार की ओर से आर्थिक सहयोग नहीं मिल रहा है। इससे संचालन में बाधा आ रही है।

ranjan photo
Ranjan Prasad

Spread the word