July 4, 2024

पति ने पत्नी को कुल्हाड़ी मारकर किया घायल, पति जेल दाखिल

कोरबा 10 सितंबर। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में पति ने पत्नी पर कुल्हाड़ी से जानलेवा हमला कर दिया। महिला की गंभीर हालत को देखते हुए उसे रायपुर सिम्स रेफर कर दिया गया है। पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है। बताया जा रहा है कि पति अपनी पत्नी के बार-बार मायके आने से नाराज था।

पसान थाना प्रभारी शिव कुमार धारी ने बताया कि कुमान सिंह 28 वर्ष और उसकी पत्नी यमुना बाई गौरेला-पेंड्रा मरवाही जिले के रहने वाले हैं। कुमान अपनी ससुराल कोरबा के पसान थाना क्षेत्र के ग्राम सायला आया हुआ था। शुक्रवार को दोनों पति.पत्नी दोपहर करीब 3 बजे आपस में बातचीत कर रहे थे। तभी उनके बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया। गुस्से में आकर कुमान सिंह ने अपनी पत्नी यमुना के गर्दन की बाईं तरफ कुल्हाड़ी से हमला कर दियाए, जिसमें वो गंभीर रूप से घायल हो गई। तुरंत घटना की सूचना पुलिस और 108 एंबुलेंस को दी गई। महिला को गौरेलापेंड्रा-मरवाही के जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे बिलासपुर सिम्स ले जाया गया। मगर वहां डॉक्टरों ने महिला की गंभीर हालत को देखते हुए उसे रायपुर के सिम्स अस्पताल रेफर कर दिया।

पसान थाना प्रभारी शिव कुमार धारी ने बताया कि महिला फिलहाल बयान देने की स्थिति में नहीं है। परिजनों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं और आसपास के लोगों से भी पूछताछ की जा रही है। उन्होंने कहा कि महिला यमुना बाई की बहन के पति राय सिंह ने केस दर्ज कराया है। राय सिंह ने बताया कि वो भी अपनी पत्नी बृहस्पति के साथ अपनी ससुराल सायला ग्राम नवाखाई त्योहार मनाने के लिए आया हुआ था। यहीं उसके साढ़ू ने उसकी साली यमुना पर जानलेवा हमला कर उसे घायल कर दिया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 128/22 धारा 307 के तहत केस दर्ज कर लिया है। आरोपी कुमान सिंह को गिरफ्तार कर पुलिस ने कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।

Spread the word