July 4, 2024

हाथियों ने मोहनपुर व लैंगी में उत्पात मचाते फसल को किया मटियामेट

कोरबा 12 सितंबर। कटघोरा वनमंडल के पसान, एतमानगर व केंदई रेंज में हाथियों का आतंक लगातार जारी है। यहां के विभिन्न स्थानों पर घूम रहे हाथियों के दल ने फिर उत्पात मचाते हुए कई किसानों की फसल मटियामेट कर दी है जिससे संबंधितों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा है।

जानकारी के अनुसार पसान रेंज के लैंगी जंगल में घूम रहे 25 हाथियों के दल ने बीती रात ग्राम लैंगी व मोहनपुर में उत्पात मचाते हुए धान के फसल को रौंद दिया। हाथियों का दल रात भर खेतों में विचरण करता रहा जिससे उसके पैरों तले दबने से खेतों में लगे फसल खराब हो गए। वन विभाग के अमले ने सूचना मिलने पर आज सुबह बरसते पानी में खेतों में पहुंचकर नुकसानी का आंकलन किया और रिपोर्ट तैयार करने के साथ ही इसे अपने उच्च अधिकारियों को सौंप दिया। हाथी यहां उत्पात मचाने के बाद दो दलों में बंट गए। एक दल लैंगी के जंगल में ही रह गया जबकि दूसरा दल आगे बढ़कर अड़सरा के बरबसपारा जंगल में पहुंच गया। आज सुबह हाथियों के इस दल को यहां विचरण करते हुए देखा गया और इसकी सूचना वन विभाग को दी गई। जिस पर वन विभाग का अमला मौके पर पहुंचकर हाथियों की निगरानी में जुट गया है। उधर एतमानगर रेंज में पिछले एक सप्ताह से डेरा डाले हुए हाथी भी दो गुटों में बंट गए हैं। एक गुट रेंज के रिंगनिया में विचरणरत है जबकि दूसरा गुट आगे बढ़कर केंदई रेंज के परला पहुंच गया और वहां पहले से मौजूद हाथियों के दल में शामिल होकर उत्पात मचाते हुए चार ग्रामीणों के खेतों में लगे धान के फसल को रौंद डाला। हाथियों द्वारा फसल रौंदे जाने से संबंधित किसानों को हजारों रुपए का नुकसान उठाना पड़ा है। कटघोरा वनमंडल में बड़ी संख्या में हाथियों के विचरण करने से ग्रामीण काफी दहशत में हैं।

Spread the word