March 18, 2026

प्रेम विवाह के एक साल बाद व्यापारी ने फांसी लगाकर की खुदकुशी

कोरबा 28 सितम्बर। प्रेम विवाह के बाद पारिवारिक कारण से परेशान चल रहे एक युवा व्यवसायी ने शिक्षिका पत्नी के स्कूल जाने के बाद घर पर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।

शहर के रामपुर चौकी क्षेत्र स्थित गोकुल नगर क्षेत्र हाउसिंग बोर्ड कालोनी के एमआईजी मकान में विवेक तंबोली अपनी पत्नी के साथ रहता था। विवेक निहारिका-रविशंकर नगर रोड पर दुकान संचालन करता था। उसने एक साल पहले प्रेम विवाह किया था। उसकी पत्नी शहर के एक निजी स्कूल में शिक्षिका है। मंगलवार की सुबह वह स्कूल गई थी, तब विवेक घर पर था। स्कूल से शिक्षिका ने उसे कई बार कॉल किया तो मोबाइल रिसीव नहीं हुआ। इसके बाद उसने पड़ोसी को कॉल कर घर जाकर बात कराने को कहा। पड़ोसी जब उनके घर पहुंचा तो वहां विवेक का शव फांसी के फंदे पर लटक रहा था। घटना की सूचना रामपुर पुलिस व 112 की टीम को दी गई। रामपुर चौकी प्रभारी उप निरीक्षक कृष्णा साहू के मुताबिक मामले में मर्ग कायम कर जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारण का पता चलेगा।
पुलिस की प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आया कि बालको निवासी विवेक प्रेम विवाह करने के बाद पत्नी के साथ किराए के मकान में रहता था। वहीं उसके माता-पिता बालकोनगर में रहते हैं। मृतक के दोस्त व परिजन के बयान से यह बात सामने आ रही है कि घर से अलग रहने के चलते पारिवारिक कारण से वह परेशान चल रहा था।

1210
Ranjan Prasad

Spread the word