March 17, 2026

ग्रामीण महिलाओं ने जन चौपाल में कलेक्टर को बताई समस्याए हाथी प्रभावित गांवों में लगाएं स्ट्रीट लाइट

कोरबा 28 सितम्बर। हाथी प्रभावित गांवों की महिलाओं ने मंगलवार को कलेक्टर से मिलकर बस्ती में स्ट्रीट लाइट और पक्का मकान बनाने की मांग की। उनका कहना था कि अंधेरा होने से हाथी गांव में घुसते हैं। कटघोरा वनमंडल के पसान रेंज के जल्के, तेंदूटिकरा, लैंगी, पनगवां, केन्दई, कुम्हारी दर्री समेत आसपास गांवों के ग्रामीण दर्जनभर से अधिक महिलाओं के साथ हाथियों से सुरक्षा की गुहार लगाने कलेक्टोरेट कार्यालय पहुंचे थे।

महिलाओं ने बताया कि हाथियों का उत्पात दहशत का पर्याय बन चुका है। इसे रोकने कोई ठोस उपाय नहीं किए जाने से जान-माल की चिंता बनी रहती है। गांव में घुसकर हाथी के दल उत्पात मचा रहे हैं। जान बचाने बीते 7 दिनों से वे शासकीय भवन या आवास में ठहर रहे हैं। हाथी धान की फसल, बाड़ी में लगी सब्जियां चौपट कर रहे हैं। इससे उनकी मेहनत पर पानी फिर गया है।

वन विभाग की ओर से नुकसान होने पर दी जाने वाली क्षतिपूर्ति की राशि मिलने में भी देरी होती है। पसान रेंज के हाथी प्रभावित कई गांवों में स्ट्रीट लाईट भी नहीं लगी है। इससे शाम ढलते ही अंधेरा छा जाता है। इससे रात में हाथियों के गांव में घुसने की जानकारी नहीं मिल पाती है और कई बार हाथी से सामना हो जाता है। हाथियों से जानमाल की सुरक्षा के लिए गांव की गली को स्ट्रीट लाइट से रौशन करने और पक्का मकान बनाकर देने की मांग हुई है।

1210
Ranjan Prasad

Spread the word