July 4, 2024

DMF: भ्रष्ट भरोसाराम ठाकुर को निलंबित कर कार्यकाल की जांच कराएं- ननकीराम कंवर

कलेक्टर संजीव झा पर टिकी सबकी निगाहें, बचाएंगे या निपटाएंगे?

कोरबा 5 अक्टूबर। जिला खनिज संस्थान न्यास कोरबा में परियोजना अधिकारी के पद पर पदस्थ डिप्टी कलेक्टर भरोसा राम ठाकुर एक बार फिर रामपुर विधायक ननकीराम कंवर के निशाने पर हैं। पूर्व गृहमंत्री श्री कंवर ने कलेक्टर संजीव झा को पत्र लिखकर श्री ठाकुर पर शासी परिषद के उनके प्रस्तावित कार्यों पर कमीशनखोरी की नियत से प्रशासकीय स्वीकृति देने में विलंब करने और अपने कार्यकाल में करोड़ों रुपए का भ्रष्टाचार करने का गम्भीर आरोप लगाया है। उन्होंने डिप्टी कलेक्टर सह परियोजना अधिकारी जिला खनिज संस्थान न्यास भरोसा राम ठाकुर को निलंबित करते हुए कार्यकाल में किए गए भ्रष्टाचार की जांच करने की मांग भी की है।

कलेक्टर को लिखे पत्र में रामपुर विधायक श्री कंवर ने उल्लेख किया है कि परियोजना अधिकारी जिला खनिज संस्थान न्यास कोरबा का पद अत्यंत महत्वपूर्ण व जिम्मेदारी का पद है। इस महत्वपूर्ण पद पर डिप्टी कलेक्टर भरोसा राम ठाकुर लंबे अर्से से पदस्थ हैं। वे अपने पद एवं कर्तव्य के प्रति अत्यंत लापरवाह एवं गैर जिम्मेदार हैं। इनके लापरवाही के कारण कई विधायक, सांसद, राज्य सभा सदस्य के प्रस्तावित कार्य समय पर व वित्तीय वर्ष के अंतर्गत स्वीकृत नहीं हो पाते हैं।

जिसकी वजह से क्षेत्र का विकास नहीं हो पाता है, जिसके जिम्मेदार भरोसा राम ठाकुर हैं। श्री कंवर ने उल्लेख किया है कि शासी परिषद की बैठक में जो प्रस्ताव पास किए गए थे एवं अनुमोदित हुए थे उसकी प्रस्तावित सूची पुनः उनके द्वारा कलेक्टर कोरबा को लगभग 2 माह पूर्व दिया गया था जिस पर कलेक्टर कोरबा के द्वारा भरोसा राम ठाकुर को तत्काल कार्यवाही कर संबंधित जगहों के कार्यों को स्वीकृति देने हेतु निर्देशित किया था। परंतु श्री भरोसा राम ठाकुर कलेक्टर के आदेशों की अवहेलना करते हुए उनके द्वारा दिए गए कार्यों को लेटलतीफी करते हुए आज पर्यन्त स्वीकृत नहीं किया। जबकि सभी कार्यों का डीपीआर जनपद पंचायत के द्वारा भरोसा राम ठाकुर के पास दिया जा चुका है। इस संबंध में उनके द्वारा कई मर्तबा श्री ठाकुर को कार्यालय में भेंटकर मौखिक तौर पर बोला जा चुका है। श्री कंवर ने आरोप है लगाया कि शासी परिषद में जो कार्य अनुमोदित होते हैं। उसकी कॉपी उन्हें उपलब्ध नहीं कराई जाती ,यही नहीं उनके प्रस्तावित कार्यों पर कमीशनखोरी की नियत से प्रशासकीय स्वीकृति देने में विलंब किया जा रहा है। रामपुर विधायक श्री कंवर ने पत्र में उल्लेख किया है कि भरोसा राम ठाकुर के द्वारा संबंधित सरपंच व ठेकेदार के आने का इंतजार किया जाता है,इनके द्वारा जनपद पंचायतों को डीपीआर मंगाने हेतु विभागीय पत्र नहीं भेजा जाता उन्हें केवल वाट्सएप के माध्यम से चुनिंदा कार्यों की सूचना दी जाती है। यह तरीका पूर्ण रूप से गलत है। उन्होंने डिप्टी कलेक्टर भरोसा राम ठाकुर पर कार्यकाल में करोड़ों रुपए के भ्रष्टाचार का आरोप लगाया है।

रामपुर विधायक ननकीराम कंवर ने डिप्टी कलेक्टर सह परियोजना अधिकारी जिला खनिज संस्थान न्यास भरोसा राम ठाकुर पर कलेक्टर के आदेश की अवहेलना कर भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप लगाया हैं। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल का भेंट मुलाकात कार्यक्रम के तहत जल्द कोरबा आगमन होने वाला है ऐसी स्थिति में वरिष्ठ भाजपा नेता श्री कंवर की शिकायत को हल्के में लेना प्रशासन को भारी पड़ सकता है। ऐसे में सबकी निगाह कलेक्टर संजीव झा पर टिकी हुई हैं। हालांकि हाल ही में शिक्षा, आदिवासी विकास विभाग जैसे बड़े विभागों में डीएमएफ के कार्यों में अनियमितता सामने आए हैं, जिस पर प्रशासन का रुख ठंडा रहा है। लिहाजा यह देखना दिलचस्प होगा कि कलेक्टर संजीव झा भरोसाराम को बचाएंगे का निपटाएंगे?

Spread the word