July 4, 2024

कोरबा में मिला 12 फीट का किंग कोबरा: खतरनाक सांप एक घंटे में हुआ रेस्क्यू

कोरबा 17 अक्टूबर। छत्तीसगढ़ में एक बार फिर से भारत का सबसे जहरीला सांप किंग कोबरा पकड़ा गया है। ये कोरबा जिले में एक घर के पास था। जिसे समय रहते लोगों ने देख लिया। जिसके बाद वन विभाग की टीम ने उसे एक घंटे की मशक्कत के बाद पकड़ लिया है। इस खतरनाक सांप की लंबाई 12.5 बताई जा रही है। साथ ही वह काफी मोटा भी है। मामला पसरखेत वन परिक्षेत्र का है।

चंद्रशेखर नाम का युवक सोमवार सुबह किसी काम से मदनपुर आया हुआ था। उसने यहां पर फिरतु राम के मकान के पास एक लंबा सांप देखा था। जिसके बाद उसने तुरंत ही वन विभाग की टीम को इसकी सूचना दी। वहीं इतना बड़ा सांप मिलने की खबर आस-पास भी फैल गई और बड़ी संख्या में लोग वहां पर पहुंच गए थे। कुछ देर बाद सांप मकान के अंदर भी चला गया था। इधर, सूचना मिलने पर वन विभाग के स्नेक कैचर अविनाश यादव अपनी टीम के साथ पहुंचे। तब कोबरा घर के बाहर आ गया था। सांप देखने पर उसकी पहचान किंग कोबरा के रूप में हुई। फिर उन्होंने करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद उसे पकड़ा है। रेस्क्यू करने के बाद कोबरा को जंगल में छोड़ दिया गया है। बताया जा रहा है कि जिस दौरान किंग कोबरा का रेस्क्यू किया जा रहा था। वो बार-बार भागने की कोशिश कर रहा था। उसने स्नेक कैचर को भी काटने की कोशिश की। बार-बार वह फन फैला रहा था। वहीं आस-पास की भीड़ में काफी दहशत हो गई थी। आखिरकार उन्होंने राहत की सांस ली है।

सूचना मिलने पर वन विभाग की डीएफओ प्रियंका पांडे खुद भी मौके पर गई थीं। उन्होंने बताया कि किंग कोबरा का रेस्क्यू काफी मुश्किल होता है। मगर हमारी टीम की मदद से इसे पकड़ लिया गया है। प्रियंका ने बताया कि इस क्षेत्र में पहले भी किंग कोबरा मिल चुका है। ये क्षेत्र भी किंग कोबरा कंजर्वेशन के लिए ही है। यहां प्रोजेक्ट चल रहा है। हमारी अपील है कि यदि किसी के घर में भी यदि किंग कोबरा दिखे तो हमें सूचना दी जाए। 2 साल पहले बताती गांव में 15 फीट का किंग कोबरा घर के बरामदे में मिला था। घर के लोग देखते ही घर से दूर भाग गए और गांव वालों को इसकी जानकारी दी थी। गांव वालों ने इसके बारे में स्नेक रेस्क्यू टीम के प्रमुख जितेंद्र सारथी को बताया। मौके पर उन्होंने देखा तो पता चला कि वह कोबरा था और करीब 15 फीट लंबा था। उस दौरान इस बात को लेकर हैरानी भी जताई गई थी।

इस सांप को ही नागराज के रूप में मान्यता है। माना जाता है कि शिव भगवान के गले में जो सांप दिखाया गया है वह यही किंग कोबरा है, इसलिए इसे सामान्यत: मारा नहीं जाता। यह प्रजाति सबसे लंबे सांप वाली भी है। अभी तक भारत में सबसे लंबा किंग कोबरा कार्बेट के जंगल में मिला है, लेकिन वह मृत अवस्था में था। उसकी लंबाई 23 फीट 9 इंच नापी गई थी। इस सांप की औसत लंबाई 12 से 14 फीट तक की होती है। यह दुर्लभ प्राणियों की श्रेणी में आता है। ये भारत में असम, पश्चिम बंगाल, ओडिशा, कर्नाटक समेत दक्षिण भारत के कुछ राज्य में पाया जाता है।

Spread the word