March 18, 2026

ग्रामीण को कुचलने के साथ तीन मवेशियों को मारा हाथी ने

कोरबा 21 अक्टूबर। कटघोरा वनमंडल के देवमिट्टी गांव में पिछली रात हुई घटना में हाथी ने एक ग्रामीण को कुचल दिया।इसी स्थान पर तीन मवेशियों को भी हाथी ने मार डाला। इस घटनाक्रम से इलाके में दहशत है। वन विभाग के द्वारा आसपास के लोगों को सतर्क किये जाने की जानकारी मिली है।

जटगा वन परिक्षेत्र के अंतर्गत आने वाले गांव में मध्य रात्रि को यह घटना हुई। पता चला कि यहां पर रहने वाले 50 वर्षीय पीतांबर सिंह की जान हाथी के हमले में चली गई। घटना से कुछ देर पहले हाथियों की आवक की भनक लगते ही ग्रामीण की नींद टूटी और वह बाहर निकलकर कोठार में बंधे अपने मवेशियों की सुरक्षा के लिए पहुंचा था। इसी दरम्यान हाथी से उसका सामना हो गया। मौके से भागने के दौरान पीतांबर एक गड्ढे में जा गिरा और इसके तुरंत बाद हाथी ने उसे पैरों तले कुचल दिया। इसी दौरान उसकी मौत हो गई। हमलावर हाथी ने इसके बाद अपने तेवर जारी रखे और कोठार में बंधे हुए तीन मवेशियों को निशाने पर लिया। उन्हें भी कुचलकर मार दिया। रात्रि में ही घटना को लेकर स्थानीय लोगों को जानकारी हो गई थी लेकिन भय के मारे वे कुछ नहीं कर सके।

आज सुबह पुलिस को इस बारे में जानकारी दी गई। जिसके बाद वन और पुलिस का अमला यहां पहुंचा। मर्ग कायम करने के बाद शव पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया गया। बनिया में हाथी के शावक की मौत पसान वन परिक्षेत्र के ही बनिया गांव में हाथी के एक शावक का शव मिला है। आज सुबह इसका पता चला। मौत को लेकर स्पष्ट कारण ज्ञात नहीं हो सका है। यह संदेह भी जताया जा रहा है कि हाथी उत्पात को लेकर किसी ने इस तरह से प्रतिक्रिया दी हो। घटनाक्रम को लेकर सच्चाई क्या है, इसकी जांच करायी जा रही है। कोरबा से वन विभाग के अधिकारी डॉग स्क्वाड के साथ मौके पर पहुंचे हैं। वन विशेषज्ञों को अचानकमार से यहां बुलवाया गया है। कई स्तर पर होने वाली जांच में स्पष्ट हो सकेगा कि हाथी के शावक की मौत आखिर कैसे हुई। तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

1210
Ranjan Prasad

Spread the word