February 25, 2026

जमीन विवाद को लेकर दो युवकों के बीच मारपीट:टांगी से हमला कर पड़ोसी को किया घायल, आरोपी जेल दाखिल

कोरबा 05 नवम्बर। कोरबा जिले के ग्राम पंचायत तुमान में एक युवक ने दूसरे पर टांगी मारकर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। दोनों के बीच जमीन को लेकर विवाद हुआ था। घायल युवक को कटघोरा के उपस्वास्थ्य केंद्र में इलाज के लिए भर्ती कराया गया है। घटना कटघोरा थाना क्षेत्र की है।

कटघोरा थाना प्रभारी अश्विनी राठौर ने बताया कि ग्राम तुमान के रहने वाले 25 वर्षीय राजेश दास पर गांव में ही रहने वाले फूलसिंह कंवर ;30 वर्ष ने टांगी से हमला कर दिया। राजेश दास और फूलसिंह दोनों पड़ोसी हैं। दोनों के बीच बहुत अच्छे संबंध भी थे। गांववाले बताते हैं कि राजेश फूल सिंह को बड़े भाई की तरह मानता था। लेकिन बाद में उनके बीच जमीन को लेकर कुछ विवाद हो गया और तब से दोनों के बीच मनमुटाव हो गया था।

थाना प्रभारी अश्विनी राठौर ने बताया कि शुक्रवार रात 8 बजे दोनों के बीच फिर से जमीन विवाद को लेकर बहस हो गई। दोनों उस वक्त शराब के नशे में धुत थे। राजेश और फूलसिंह दोनों एक-दूसरे के साथ गालीगलौज करने लगे और विवाद हाथापाई में बदल गया। इस बीच फूल सिंह ने राजेश पर टांगी से हमला कर दिया। जिससे वो गंभीर रूप से घायल हो गया। लोगों ने तुरंत डायल 112 को सूचना दी। डायल 112 ने घायल राजेश दास को कटघोरा उप स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया, वहीं आरोपी फूल सिंह को गिरफ्तार कर लिया गया है। शनिवार को आरोपी को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में कटघोरा उप जेल भेज दिया गया है।

ranjan photo
Ranjan Prasad

Spread the word