July 4, 2024

योग करने से दूर होगा कोरोना : डॉ. दीक्षा

कोरबा। योग एवं प्राणायाम की नियमित क्रिया से करोना जैसी बीमारी के विरूद्ध सशक्त प्रतिरोधक क्षमता विकसित की जा सकती है। उपरोक्त उदगार जिला चिकित्सालय की युवा महिला चिकित्सक डॉ. दीक्षा गर्ग ने भारतीय योग संस्थान की कोरबा शाखा की ओर से आयोजित महिला योग शक्ति दिवस के अवसर पर व्यक्त किए।
उल्लेखनीय है कि भारतीय योग संस्थान की जिला प्रमुख आभा अग्रवाल के मार्गदर्शन में कोरबा के चार स्थानों पर योग एवं प्राणायाम की नि:शुल्क कक्षाएं संचालित हो रही है। आस्था निकेतन अग्रोहा मार्ग योग केंद्र में यह आयोजन बीते दिनों हुआ। इसमें 30 से अधिक साधिकाओं ने योग एवं प्राणायाम की साधना की। केंद्र की वरिष्ठ साधिकाएं प्रेमलता अग्रवाल, आशा बुधिया, आशा जाजोदिया, सावित्री बंसल, संतोष अग्रवाल, उर्मिला बंसल एवं शारदा अग्रवाल ने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। योग साधना के क्रम में रश्मि सोनी ले सूक्ष्म क्रिया, ओम् उच्चारण एवं गायत्री मंत्र का पाठ किया। तत्पश्चात सभी साधकों ने सामूहिक रूप से सरस्वती वंदना एवं योग मंत्रों का उच्चारण किया। इससे वातावरण में एक अदभुत उल्लास की अनुभुति फैल गई। रिंकी बंसल, अनीता प्रसाद, संजना रेलवानी, कंचन जायसवाल, सुमन अग्रवाल एवं संतोष बंसल ने लय, ताल एवं नृत्य के साथ ताली योगा का प्रदर्शन किया। रश्मि सोनी ने भोलेनाथ पर भजन प्रस्तुत किया। पुष्पा अग्रवाल एवं रंजना मित्तल ने योग पर स्वरचित कविताएं प्रस्तुत की, जिससे पूरा वातावरण योगमय हो गया। अंत में केंद्र प्रमुख आभा अग्रवाल ने योग को स्वयं से साक्षात्कार करने का माध्यम बताते हुए स्वस्थ शरीर एवं आत्मा की पवित्रता के लिए नियमित योग कक्षाओं में उपस्थित रहने का आव्हान किया। कार्यक्रम का संचालन मीना बेरीवाल ने किया।

Spread the word