February 25, 2026

देवपहरी में पुलिस कप्तान की चौपाल, ग्रामीणों की सुनी गई समस्या

कोरबा। जिले के सुदूर वनांचल क्षेत्र लेमरू थाना के देवपहरी में पुलिस कप्तान संतोष सिंह की चौपाल लगी। उन्होंने ग्रामीणों की शिकायतों को सुनकर निराकरण किया। साथ ही उन्होंने ऑपरेशन निजात के तहत ग्रामीणों को नशे से दूर रहने की समझाइश दी। चौपाल उपरांत निरीक्षण कर पर्यटन स्थलों में सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
एसपी सिंह ने सोमवार को देवपहरी में जन चौपाल लगाया। इस दौरान उन्होंने कहा कि क्षेत्र की समस्याओं के समाधान में कोरबा पुलिस और प्रशासन लगातार प्रयासरत है। शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई एवं समाधान थाना स्तर पर किया जा रहा है। समाधान से असंतुष्ट होने की स्थिति में बहुत से ग्रामीण जिला मुख्यालय में अपनी शिकायतें लेकर आते हैं। शिकायतों के समाधान व प्रभावी कानून व्यवथा स्थापित करने समय-समय पर जन चौपाल लगाकर मौके पर ही शिकायतों का समाधान किया जा रहा है। कोरबा पुलिस से संचालित निजात अभियान के बारे में बताते हुए कहा कि नशे से छुटकारा से जहां सामाजिक जीवन स्तर ऊंचा होगा, वहीं अपराध में भी कमी आएगी। इस अवसर पर चेंबर ऑफ कॉमर्स अध्यक्ष योगेश जैन, राम सिंह अग्रवाल, अनिल अग्रवाल ने भी जनसमूह को संबोधित करते हुए जन शिकायतों के निराकरण एवं अवैध नशे के विरुद्ध पुलिस की ओर से चलाए जा रहे अभियान की प्रशंसा की। इस अवसर पर पर उन्होंने महिलाओं, बच्चों को कंबल वितरित किया। कार्यक्रम का संचालन हरिशंकर यादव ने किया।

ranjan photo
Admin

Spread the word