July 4, 2024

चंदेल समेत भाजपा नेताओं ने भूपेश सरकार पर किये तीखे प्रहार

0 कटघोरा विधानसभा के रेंकी में आमसभा
कोरबा। कटघोरा विधानसभा के हरदीबाजार मंडल के रेंकी ग्राम में भाजपा ने विशाल आमसभा आयोजित की। आमसभा को संबोधित करते हुए नेता प्रतिपक्ष नारायण चंदेल ने छत्तीसगढ़ राज्य की भूपेश सरकार और उनके मंत्रियों पर पर तीखे प्रहार किए।
नेता प्रतिपक्ष चंदेल ने कहा कि छत्तीसगढ़ में भ्रष्टाचार और घोटाला अपने चरम पर है। सरकार दिशाविहीन हो गई है। वह अपना जनघोषणा पत्र लागू नहीं कर पा रही है। उन्हें प्रदेश के विकास से कोई सरोकार नहीं हैं। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ सरकार को 4 साल हो गए हैं और इन 4 साल में छत्तीसगढ़ सरकार के मुख्यमंत्री और उसके अन्य मंत्री सिर्फ भ्रष्टाचार में लिप्त रहे और उनको जनता की परेशानियों से कोई लेना-देना नहीं है। छत्तीसगढ़ की जनता ने इन्हें अपार जन समर्थन दिया, लेकिन इस सरकार ने अपने 4 साल केवल नाटक नौटंकी में बर्बाद कर दिया। आज समझ में नहीं आता कि छत्तीसगढ़ राज्य में सड़क में गड्ढे हैं या गड्ढों में सड़क है। भूपेश बघेल बताएं कि आईएएस अधिकारियों के यहां ईडी के छापे पड़ रहे हैं और भूपेश सरकार उन्हें बचाने की कोशिश कर रही है। भूपेश बघेल बताएं की आईएएस अधिकारियों के यहां पड़े छापों से इन्हें क्या दिक्कत है, निश्चित रूप से उनके साथ भूपेश बघेल की भी साझेदारी है। कोयला परिवहन में 25 रुपये प्रति टन भूपेश बघेल की जेब में जा रहा है। यह भ्रष्टाचार का ज्वलंत नमूना है। आम सभा को रायगढ़ लोकसभा की सांसद गोमती साय, भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता अनुराग सिंह देव, ज्योतिनंद दुबे, पूर्व संसदीय सचिव लखन लाल देवांगन एवं भाजपा जिलाध्यक्ष डॉ. राजीव सिंह ने भी संबोधित किया। इस दौरान श्याम बिहारी जायसवाल जिला संगठन प्रभारी कोरबा, गोपाल साहू सहप्रभारी, दिनेश सिंह कटघोरा विधानसभा प्रभारी, पूर्व महापौर जोगेश लांबा, वरिष्ठ नेता गोविंद सिंह राजपूत, संतोष देवांगन जिला महामंत्री, जिला कोषाध्यक्ष गोपाल मोदी, सतविंदर पाल सिंह बग्गा, जिला उपाध्यक्ष डॉ. आलोक सिंह, उमाभारती सराफ, राजेंद्र राजपूत, मनोज शर्मा, मनोज मिश्रा, पवन सिन्हा, नवदीप नंदा सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता, जनप्रतिनिधि व आम सभा में बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

Spread the word