October 5, 2024

जिला स्तरीय रामायण मंडली स्पर्धा में विखं पाली के संगम मानस मंडली ने मारी बाजी

0 विजेता मंडली को 50 हजार रुपये का दिया गया पुरस्कार
कोरबा।
भगवान श्री राम के आदर्शों को जन-जन तक पहुंचाने और जिले की रामायण मंडलियों को प्रोत्साहित करने के लिए शुक्रवार शाम को कटघोरा के हाईस्कूल मैदान में जिला स्तरीय रामायण मंडली प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में विकासखंड पाली के संगम मानस मंडली कुटेलामुड़ा ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। विजेता टीम को 50 हजार रुपये राशि का चेक, स्मृति चिन्ह और प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
इससे पहले कटघोरा विधायक पुरुषोत्तम कंवर, जिला पंचायत अध्यक्ष शिवकला कंवर, कटघोरा के पूर्व विधायक बोधराम कंवर ने जनप्रतिनिधियों सहित प्रतियोगिता का शुभारंभ किया। प्रतियोगिता उपरांत विजेता मंडली और प्रतियोगिता में शामिल रामायण मंडलियों का सम्मान किया गया। जिला स्तरीय प्रतियोगिता में विकासखंड स्तर में आयोजित रामायण मंडली प्रतियोगिता से चयनित प्रतिभागी शामिल हुए। जिला स्तरीय रामायण मंडली प्रतियोगिता में पाली के अलावा विकासखंड कोरबा से शारदा मानस परिवार चुईया, करतला से राजकुमारी मानस मंडली कोटमेर, कटघोरा से श्री राम जानकी मानस मंडली कन्हैयाभाठा और विकासखंड पोड़ी उपरोड़ा से आदर्श मानस मंडली शामिल हुए। जिला स्तरीय रामायण मंडली प्रतियोगिता में रामायण मंडलियों ने महान कवि गोस्वामी तुलसीदास रचित रामचरितमानस में संकलित विभिन्न अध्यायों का पाठन कर श्री राम के आदर्श संदेशों को जन-जन तक पहुंचाया। जिला स्तरीय रामायण मंडली प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त पाली की विजेता टीम गरियाबंद जिले के राजिम में आयोजित होने वाले राज्य स्तरीय रामायण मंडली प्रतियोगिता में शामिल होंगे। जिला स्तरीय रामायण मंडली प्रतियोगिता में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल कटघोरा विधायक पुरुषोत्तम कंवर ने रामायण मंडलियों को प्रोत्साहित करने और भगवान श्री राम के आदर्शों को गांव-गांव तक पहुंचाने के लिए शासन की ओर से आयोजित इस प्रतियोगिता की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि प्रतियोगिता के माध्यम से गांव स्तर के रामायण मंडलियों को राज्य स्तर पर अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलेगा।

Spread the word