February 26, 2026

भाजपा नेता गोविंद सिंह राजपूत का निधन

कोरबा (छुरीकला)। नगर पंचायत छुरीकला के प्रतिष्ठित व्यवसायी, जिला पंचायत के पूर्व उपाध्यक्ष, नगर पंचायत छुरीकला के पूर्व अध्यक्ष व भाजपा के वरिष्ठ नेता गोविंद सिंह राजपूत का 18 फरवरी शनिवार को बिलासपुर में उपचार के दौरान आकास्मिक निधन हो गया। उनका अंतिम संस्कार 19 फरवरी रविवार सुबह 11 बजे सागर तालाब मुक्तिधाम में नगरवासियों एवं समर्थकों की उपस्थिति में किया गया।
गोविंद सिंह राजपूत व्यवसाय से जुड़े होने के बाद राजनीति में रह कर भाजपा के लिए जमीनी स्तर से सक्रिय रूप कार्य किये। वे क्षेत्र के लोगों की समस्या को लेकर हमेशा तत्पर रहे। हर मुद्दे को लेकर लोगों के साथ खड़े रहे। नगर में बनाए गये वंदना पावर प्लांट के विरोध में और क्षेत्र के किसानों के हित में आवाज उठाने वाले गोविंद राजपूत पहले व्यक्ति थे। इसके अलावा खदान प्रभावित भू-विस्थापित हक के लिए वे हमेशा लड़े। अपने जीवन काल में दो बार जिला पंचायत उपाध्यक्ष, एक बार नगर पंचायत अध्यक्ष का दायित्व अच्छी तरह निभाया। इसके अलावा अपने भाई बहू शोभा सिंह राजपूत को भी जिला पंचायत सदस्य बनाने में मुख्य भूमिका निभाई। दो बार कटघोरा विधानसभा से विधायक के लिए चुनाव लड़े। पहला चुनाव सन् 2008 में भाजपा से टिकट नहीं मिलने से पार्टी से बागी हो कर निर्दलीय चुनाव लड़े थे। दूसरी बार जोगी कांग्रेस में शामिल हो कर 2018 में चुनाव लड़े थे। दोनों बार उन्हें क्षेत्र के लोगों का अच्छा सहयोग मिला था और अच्छे मत मिले थे, परंतु चुनाव हार गये थे। वर्ष 2022 में अपने समर्थकों के साथ भाजपा में शामिल हो कर पार्टी के हित में सक्रिय कार्य कर रहे थे। गोविंद सिंह शिक्षा के समय से राजनीति में सक्रिय रहे। राजनीति में अपनी पैठ जमाने वाले गोविंद राजपूत का इलाज के दौरान आकास्मिक निधन हो गया। उनके निधन की खबर लगते ही पूरे जिले शोक की लहर दौड़ गई। अंतिम संस्कार में जिले के भाजपा कार्यकर्ता, जिला पदाधिकारी व अन्य पार्टी के कार्यकर्ता शामिल हुए।

ranjan photo
Admin

Spread the word