कुसमुंडा में चैत्र नवरात्र की धूम, भव्य पंडाल में विराजी मां दुर्गा

कोरबा। जिले में चैत्र नवरात्र की धूम मची हुई है। देवी मंदिरों में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ रही है। जगह-जगह भव्य पूजा पंडाल बनाए गए हैं। पंडालों में मां दुर्गा की प्रतिमा विराजमान है। कुसमुंडा क्षेत्र में भी मां दुर्गा की प्रतिमा विराजित है, जहां दर्शन के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंच रहे हैं। यहां नवरात्र पर मेला भी लगा हुआ है।
कुसमुंडा क्षेत्र अंतर्गत विकासनगर मां दुर्गा पंडाल में हर वर्ष की तरह इस बार भी चैत्र नवरात्र के अवसर पर मां दुर्गा की प्रतिमा स्थापित की गई है। नवरात्र के प्रथम दिन से लेकर अंतिम दिन तक माता रानी के नौ स्वरूपों की यहां नित्य सुबह शाम पूजा अर्चना की जाती है। शारदीय नवरात्र की तर्ज पर यहां चैत्र नवरात्र में मां दुर्गा पंडाल के आयोजन की शुरुआत क्षेत्र के पार्षद व नगर निगम एमआईसी सदस्य अमरजीत सिंह ने की थी, जिसका अब प्रत्येक वर्ष नवदुर्गा युवा समिति की ओर से निरंतर आयोजन किया जा रहा है। आयोजन में क्षेत्रवासी भी बढ़चढक़र हिस्सा लेते हैं। पूजा व्यवस्था की जिम्मेदारी महाराज भरत तिवारी पूरे विधि विधान से कर रहे हैं। उनके मधुर स्वर में गाए गए माता रानी की आरती को सुनकर पूरे क्षेत्रवासी मंत्रमुग्ध हो जाते हैं। पंडाल परिसर में ही मेले का भव्य आयोजन किया जा रहा है। मेले में गगन चुम्बी स्काई झूले के साथ, रेलगाड़ी, डांसिंग झूले, विशालकाय नाव झूला, बच्चों के तरह तरह के झूले, आकर्षक मनिहारी दुकान, गेम्स की दुकान, खिलौने की दुकान, स्वादिष्ट व्यंजनों के स्टॉल भी लगाए गए हैं। मेले में लगी लाइट की अलग-अलग रोशनी मेले में चार चांद लगा रही है। इस अवसर पर बढ़ते भीड़ को देखते हुए कुसमुंडा थाना पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था की व्यवस्था की है। समिति की ओर से पंडाल परिसर में हर दिन भोग प्रसाद का वितरण किया जा रहा है। रामनवमी तक चलने वाले इस भव्य आयोजन में सप्तमी की रात मां काली की विशेष पूजा अर्चना, अष्टमी को गंगा आरती के तर्ज पर मां दुर्गा की आरती व नवमी के दिन भगवान राम के भव्य स्वरूप की पूजा की जाएगी।

ranjan photo
Admin

Spread the word