शासकीयकरण की मांग को लेकर पंचायत सचिवों की क्रमिक भूख हड़ताल शुरू

0 तानसेन चौक आईटीआई में पहले दिन 5 सचिव बैठे हड़ताल पर
कोरबा।
छत्तीसगढ़ ग्राम पंचायत सचिव संघ के आह्वान पर जिले के पंचायत सचिव बीते 26 मार्च से हड़ताल पर हैं। शासकीयकरण की मांग को लेकर प्रदर्शन के 40वें दिन आंदोलन तेज करते हुए सोमवार से क्रमिक भूख हड़ताल शुरू कर दी है। आईटीआई तानसेन चौक पर पहले दिन पांच पंचायत सचिव क्रमिक भूख हड़ताल पर रहे। 28 अप्रैल तक 5-5 पंचायत सचिव भूख हड़ताल करेंगे।
पंचायत सचिवों के काम पर नहीं लौटने पर उनका प्रभार इंजीनियर, ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी और करारोपण अधिकारियों को दिया गया है। इसके खिलाफ इंजीनियर और अधिकारियों के संगठन ने एतराज जताया है। पंचायत सचिवों ने इसके पहले सरकार की सद्बुद्धि के लिए हवन किया था। इसके बाद पांचों ब्लॉक से बाइक रैली भी निकाली थी, लेकिन अभी तक सरकार की ओर से चर्चा के लिए नहीं बुलाया गया है। पंचायत सचिवों का कहना है कि जब तक मांग पूरी नहीं हो जाती तब तक आंदोलन समाप्त नहीं करेंगे। सचिव संघ ने क्रमिक भूख हड़ताल की सूचना प्रशासन को भी दे दी थी। संघ के जिला अध्यक्ष धरम लाल भारद्वाज ने कहा कि अब सभी ब्लॉक मुख्यालयों में क्रमिक भूख हड़ताल की जाएगी। मुख्यालय में पहले दिन तानसेन चौक धरना स्थल पर संतलाल कैवर्त, मनबहाल, शिव रतन, संजय चंद्रा व मनशोधन यादव भूख हड़ताल पर रहे।

ranjan photo
Admin

Spread the word