October 9, 2024

दीपका क्षेत्र में 15 मिनट तक होती रही गंदे पानी की सप्लाई, लोग रहे परेशान

कोरबा। गर्मी के दौरान पेयजल आपूर्ति व्यवस्था चरमरा जाती है। वहीं गंदे पानी सप्लाई की शिकायत भी सामने आती है। दीपका क्षेत्र में भी घरों में काला पानी की सप्लाई की गई, जिससे लोग परेशान रहे।
जिले के कोयलांचल में पानी की समस्या बनी हुई है। खदान क्षेत्र होने के कारण जहां अनेक घरों में बोर विफल हो रहे हैं, वहीं सरकारी व्यवस्था भी नाकाफी साबित हो रही है। आलम यह है कि पानी सप्लाई के लिए बिछाई गई पाइप लाइन जगह-जगह से फूटे होने के कारण गंदा पानी घरों तक पहुंच जाता है। ऐसा नजारा नगर पालिका परिषद दीपका के वार्ड क्रमांक 9 पंडित दीनदयाल उपाध्याय वार्ड में पेश आया। यहां सोमवार को उन घरों में काला पानी आपूर्ति की गई, जो पालिका की पाइप लाइन व्यवस्था पर निर्भर हैं। सत्य प्रकाश सहित अन्य लोगों के घरों में लगभग 15 मिनट तक काला, गंदा और बदबूदार पानी सप्लाई होता रहा। स्थानीय लोगों ने बताया कि नगर पालिका परिषद द्वारा 24 घंटे में सिर्फ एक बार सुबह के वक्त बमुश्किल आधा घंटा पानी प्रदाय किया जा रहा है। इस आधा घंटा में पानी भरना किसी चुनौती से कम नहीं। इसके बाद लोगों को अपनी व्यवस्थाओं से काम चलाना पड़ता है। कई बार तो पानी की सप्लाई ही नहीं होती तब दिक्कत और बढ़ जाती है। यहां अनेक घरों में बोर लगे हुए हैं जो अपना पड़ोसी धर्म निभा कर दूसरों को मदद करते आ रहे हैं। कई ऐसे भी घर हैं जहां दो से तीन बोर करवाए गए, लेकिन वे विफल साबित हुए और इन्हें जलापूर्ति के लिए नगर पालिका परिषद से दी गई व्यवस्था पर निर्भर रहना पड़ता है। स्थानीय लोगों के बताए अनुसार पालिका क्षेत्र में जलापूर्ति की व्यवस्था काफी लचर है और यही कारण है कि अनेक लोग नल कनेक्शन लेने से दूरियां बनाए हुए हैं। बताया गया कि पानी सप्लाई के लिए बिछाई गई पाइप लाइन कई जगह से टूट गई है। अक्सर बरसात के मौसम में जब नालियों में जलभराव हो जाता है अथवा बिछाए गए पाइप लाइन के आसपास पानी का भराव होता है, तब गंदा पानी, कीचड़, मिट्टी यहां तक कि छोटे-छोटे कीड़े मकोड़े भी नलों से होते हुए लोगों के घरों तक पहुंच जाते हैं। इस संबंध में अनेक बार शिकायतें की गई, लेकिन नतीजा शून्य है। पालिका परिषद की व्यवस्था पर आक्रोश जाहिर करते हुए वार्ड के लोगों ने कहा कि कहीं कोई सुनवाई नहीं हो रही है।

Spread the word