October 6, 2024

राजमिस्त्री के पुत्र राजीव सिंह बने उप पुलिस अधीक्षक

कोरबा। छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग 2021 की परीक्षा में राजीव सिंह कंवर का उप-पुलिस अधीक्षक (डीएसपी) के पद पर चयन हुआ है। इस सफलता पर अपर कलेक्टर विजेन्द्र सिंह पाटले ने राजीव सिंह को मिठाई खिलाकर बधाई देते हुए उज्जवल भविष्य की शुभकामनाएं दी है।
राजीव सिंह कंवर की माता गीता बाई गृहणी एवं पिता राम सिंह कंवर राजमिस्त्री हैं। राजीव की प्रारंभिक शिक्षा सक्ती में हुई। उसके बाद आगे की पढ़ाई सर्वमंगला विद्या निकेतन सुराकछार व घुड़देवा हुई। राजीव ने इंजीनियरिंग की पढ़ाई शासकीय इंजीनियरिंग महाविद्यालय जगदलपुर में माइनिंग ब्रांच से पूरी की है। मुख्य परीक्षा में तीन बार असफल होने के बाद चौथे प्रयास में उन्हें ओवर ऑल 290 रैंक व अनुसूचित जनजाति (एसटी) वर्ग में 14वां रैंक प्राप्त हुआ और उप पुलिस अधीक्षक (डीएसपी) के पद पर चयनित हुए हैं। राजीव ने अपनी सफलता का श्रेय अपने नानी, माता-पिता व बड़े भाई राज कुमार को दिया है। राजीव के बड़े भाई राज कुमार वर्तमान में कोरबा कलेक्टर कार्यालय में सहायक ग्रेड-3 के पद पर पदस्थ हैं। पीएससी परीक्षा में सफल होने पर राजीव ने कहा कि सामान्य घर व मेहनत मजदूरी करके जीवन यापन करने वाले के बच्चे भी अपनी मेहनत, कठिन प्रयास व दृढ़ संकल्प के बल पर सफलता अर्जित कर सकते हैं। लक्ष्य ऐसा तय करें जो उसको प्राप्त करने के लिए हमेशा आपको प्रेरित करता रहे।

Spread the word