October 5, 2024

भाजपा सरकार बनने पर कोरबा में एक-एक घरों को चिन्हाकित कर देंगे स्थाई पट्टा, प्रधानमंत्री आवास भी बनेगा : लखनलाल देवांगन

कोरबा। कोरबा विधानसभा भाजपा प्रत्याशी लखनलाल देवांगन लगातार जनता के बीच पहुंच रहे हैं। आज बांकीमोंगरा क्षेत्र के आनंद नगर बस्ती में गली-गली आम जनमानसों से जनसंपर्क कर आशीर्वाद लिया।
उन्होंने आमजनों से छत्तीसगढ़ में भाजपा सरकार बनने और कोरबा में भाजपा का कमल खिलने पर पूरे कोरबा विधानसभा के झुग्गी झोपड़ी क्षेत्र में रहने वाले सभी को स्थाई पट्टा देने का भरोसा दिलाया। साथ ही प्रधानमंत्री आवास योजना से गरीबों को पक्का मकान (ग्रामीण एवं शहरी) बनाने की बात कही। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार ने पूरे प्रदेश में 16 लाख से अधिक गरीबों के प्रधानमंत्री आवास को छीना। कांग्रेस केवल गरीबों के साथ छलावा करती है। चावल में घोटाला किया, कोयला में घोटाला, शराब में घोटाला, गौठान में घोटाला, पीएससी में घोटाला कर जनता जनार्दन का शोषण किया और छत्तीसगढ़ को लूटने का काम किया। कोरबा में खुलेआम अवैध वसूली रेत में वसूली, डामर घोटाला, कोयला में प्रतिटन अवैध वसूली, इस तरह से कांग्रेस का कारनामा, झूठे वादे कर सत्ता में आई कांग्रेस ने छत्तीसगढ़ को अपराधगढ़ बनाने के साथ पीछे धकेल दिया।

भाजपा प्रत्याशी लखनलाल देवांगन ने कहा कि कोरबा की जनता सब समझती है। ऐसी भ्रष्टाचार निकम्मी सरकार को उखाड़ कर सड़क में फेंक देगी। इस अवसर पर भाजपा के जिला पदाधिकारी, कार्यकर्ता, महिला मोर्चा के कार्यकर्ता व पदाधिकारी सहित भारी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित थे।

Spread the word