March 17, 2026

पुलिस ने मानवता का परिचय देकर किया लावारिश शव का अंतिम संस्कार

कोरबा। पुलिस को वृद्ध महिला का शव कटघोरा से जेंजरा बायपास में महेशपुर के पास 3 दिन पूर्व मिला था। इसके बाद से वृद्ध महिला के शव की शिनाख्त नहीं हो पा रही थी। पुलिस ने काफी छानबीन की कोशिश कर महिला के रिश्तेदारों को खोजने की कोशिश की पर कुछ पता नहीं चल सका। इसके बाद पुलिस ने महिला का अंतिम संस्कार खुद ही कराया।
जिले में खाकी वर्दी की एक अलग छाप देखने को मिली। पुलिस की वर्दी और कड़क मिजाज के पीछे एक नरम दिल इंसान भी छिपा होता है। समाज में हालातों के अनुसार खुद को ढालने वाली पुलिस वक्त पड़ने पर अनजान लोगों के लिए रिश्ते निभाने से भी नहीं चूकती है। ऐसे ही कोरबा पुलिस के एक प्रधान आरक्षक ने बेटे की तरह बनकर अनजान अज्ञात वृद्धा के लिए मानवता की एक मिसाल पेश की है। करीब 65 वर्षीय वृद्धा का शव 10 अक्टूबर को वार्ड 7 के पार्षद जयनारायण कंवर ने कटघोरा पुलिस को सूचना दी कि कटघोरा से जेंजरा बायपास मार्ग पर महेशपुर के पास एक अज्ञात वृद्ध महिला का शव सड़क किनारे पड़ा हुआ है। जिस पर कटघोरा थाना में पदस्थ प्रधान आरक्षक संदीप पांडेय ने अपने वरिष्टठ अधिकारियों को सूचित करते हुए उक्त मृत वृद्ध महिला के शव को एंबुलेंस में लेकर कटघोरा के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के मरच्युरी में रखवाया तथा उसकी पहचान कराने की काफी कोशिश की गई, फिर भी शिनाख्त नहीं हो सकी और न ही किसी लापता वृद्धा की तलाश करते हुए कोई परिजन थाना या पुलिस चौकी पहुंचा। अंतिम समय में उसे न तो परिजनों का सहारा मिला और न ही कंधा मिला। 4 दिन से इस अज्ञात वृद्धा का शव कटघोरा अस्पताल की मरच्युरी में पहचान होने और परिजनों के इंतजार में पड़ा रहा। आखिरकार जब शव खराब होने की स्थिति में पहुंचने लगा तो अस्पताल प्रबंधन पुलिस के उच्च अधिकारियों को इस मामले की जानकारी दी गई।
0 प्रधान आरक्षक संदीप ने निभाया बेटे की तरह फर्ज
कटघोरा एसडीओपी पंकज ठाकुर व थाना प्रभारी तेज कुमार यादव के निर्देश में कटघोरा थाना में पदस्थ प्रधान आरक्षक संदीप पांडेय ने मानवता के नाते अज्ञात वृद्धा के लिए एक बेटे की तरह फर्ज निभाया। उन्होंने शव को किसी वाहन में लेकर आसपास ले जाकर दफन कर देने की बजाय अस्पताल के मरच्युरी से शव वाहन से उस पर पुष्पांजलि अर्पित कर राधासागर तक अंतिम यात्रा श्मशान घाट तक निकाली। इस तरह उन्होंने सद्गति की प्रार्थना करते हुए वृद्धा को अंतिम विदाई दी। कटघोरा थाना में पदस्थ प्रधान आरक्षक संदीप पांडेय के साथ स्थानीय लोग भी इस अंतिम यात्रा में शामिल हुए। कटघोरा के राधासागर के निकट स्थानीय मुक्तिधाम में विधि-विधान के साथ वृद्धा का अंतिम संस्कार किया गया। कटघोरा पुलिस के इस मानवीय कार्य की जहां स्थानीय लोगों ने प्रशंसा की है, वहीं प्रधान आरक्षक संदीप पांडेय ने कहा कि उन्हें इस तरह के सामाजिक कार्यों की प्रेरणा अपने उच्च अधिकारियों से मिलती रहती है।

ranjan photo
Admin

Spread the word