हाथियों ने तीन मवेशियों को उतारा मौत के घाट, दो मकानों को किया क्षतिग्रस्त

0 किसानों को उठानी पड़ी आर्थिक क्षति
कोरबा।
वनमंडल कटघोरा में हाथियों का उत्पात थमने का नाम नहीं ले रहा है। हाथियों ने एक बार फिर उत्पात मचाते हुए तीन मवेशियों को मौत के घाट उतार दिया। वहीं दो मकानों को ध्वस्त कर दिया है, जिससे किसानों को भारी आर्थिक क्षति उठानी पड़ी है।

कटघोरा वनमंडल के पसान रेंज में हाथियों ने उत्पात मचाया है। बीती रात रेंज के ग्राम हरदेवा में दो ग्रामीण के मकान को तोड़ने के साथ ही तीन मवेशियों को मार डाला। इससे ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। बताया जा रहा है कि क्षेत्र में 48 हाथियों का झुंड पिछले कुछ दिन से विचरण कर रहा है। बीती रात इस दल में से 30 हाथी अलग हुए और रात्रि लगभग 11 बजे हरदेवा गांव में पहुंच गए, जहां हाथियों ने जमकर उत्पात मचाया। हाथियों ने यहां निवासरत वीर सिंह के घर को तोड़ दिया। यहां बंधे तीन मवेशियों को भी हमला कर मौत के घाट उतार दिया। मृत मवेशियों में एक बैल व दो बछड़े शामिल हैं। इसके बाद भी हाथियों का उत्पात थमा नहीं। सहदेव के मकान को ध्वस्त करते हुए वहां रखे चावल व अन्य खाद्यान्न सामग्री को चट कर दिया। हाथियों का झुंड उत्पात मचाने के बाद जंगल की ओर आगे बढ़ गया। केंदई वनपरिक्षेत्र पहुंचकर वहां डेरा जमाए हुए हैं। हाथियों के उत्पात की खबर पर वन अमला नुकसानी के अकांलन के लिए हरदेवा पहुंच गया था। हाथियों की निगरानी वन अमला कर रहा है। इसके बाद भी हाथी उत्पात मचा रहे है। बताया जा रहा है कि 18 हाथी सेमहरा और गाड़ा गोड़ा के बीच जंगल में विचरण कर रहे हैं। केंदई रेंज में सूरजपुर जिले से आए 11 हाथी पुन: वापस लौट चुके हैं।
0 सो रहे लोगों ने भाग कर बचाई जान
जिस समय हाथियों ने गांव में उत्पात मचाना शुरू किया उस दौरान ग्रामीण अपने अपने घरों में सो रहे थे। अचानक मकान ध्वस्त किए जाने के बाद उनकी नींद खुली। किसी तरह भाग कर उन्होंने जान बचाई। नहीं तो बड़ी जनहानि हो सकती थी। निगरानी के बाद भी हाथियों के उत्पात मचाए जाने से ग्रामीण आक्रोशित हैं।

ranjan photo
Admin

Spread the word