July 7, 2024

फिर से होगा प्रदेश पंचायत सचिव संघ ब्लॉक इकाई कटघोरा का चुनाव : अध्यक्ष

0 विवाद की स्थिति के बाद लिया गया निर्णय
कोरबा।
प्रदेश पंचायत सचिव संघ कोरबा के जिलाध्यक्ष धरम भारद्वाज के नेतृत्व में जिला इकाई कटघोरा का 24 दिसंबर रविवार को ब्लॉक सचिव संघ का चुनाव हुआ। निर्वाचन अधिकारी राजेश टंडन नियुक्त किये गए थे। निर्धारित समय 12 बजे तक कोई अन्य प्रत्याशी नहीं होने के कारण चुनाव अधिकारी ने दीपक भारद्वाज को निर्विरोध अध्यक्ष घोषित कर दिया।
सूत्र बताते हैं कि उस वक्त केवल 9 से 10 सचिव ही उपस्थित थे, जबकि कटघोरा ब्लॉक में कुल 43 सचिव हैं, जिन्हें अपना मत डालना था, लेकिन जिलाध्यक्ष धरम भारद्वाज के गृह ब्लॉक होने के कारण वे अपने प्रत्याशी को अध्यक्ष बनाना चाहते थे। इसके कारण सचिवों में विवाद की स्थिति निर्मित हो गई। समय उपरांत 35 सचिव एक साथ मिलकर निवर्तमान अध्यक्ष जयपाल सिंह के समर्थन में हामी भरते हुए चुनाव अधिकारी से जयपाल को निर्विरोध अध्यक्ष घोषित करा दिए। एक चुनाव दो अध्यक्ष की स्थिति में जिलाध्यक्ष धरम भारद्वाज ने कटघोरा ब्लॉक चुनाव और चयन को शून्य कर दिया है।
बता दें कि चुनाव अधिकारी राजेंद्र टंडन की देख-रेख में उनका निर्विरोध निर्वाचन हुआ था। निर्धारित समय तक कोई अन्य नाम की दावेदारी न आने के कारण निर्वाचन अधिकारी ने यह निर्णय लेकर निर्विरोध निर्वाचित घोषित किया। इसके कुछ देर बाद निवर्तमान हुए ब्लॉक अध्यक्ष ने आपत्ति की। उनके समर्थन में कुछ सचिवों ने मिलकर जयपाल को ब्लॉक अध्यक्ष घोषित कर दिया। इस मामले में जिलाध्यक्ष ने कहा है कि निर्वाचन अधिकारी की देख-रेख में चुनाव हुआ है, जिसमें मेरा कोई हस्तक्षेप नहीं है। विवाद की स्थिति को देखते हुए कटघोरा ब्लॉक अध्यक्ष का पूरा चुनाव और निर्वाचन शून्य कर दिया गया है। कटघोरा में इसी हप्ते फिर से चुनाव कराया जाएगा।
0 प्रदेश पंचायत सचिव संघ ब्लॉक इकाई के विजय, हसन, राम कुमार व सत्यनारायण अध्यक्ष निर्वाचित
प्रदेश पंचायत सचिव संघ कोरबा के जिलाध्यक्ष धरम भारद्वाज के नेतृत्व में पोड़ी-उपरोड़ा, पाली, कोरबा व करतला जिला इकाई के ब्लॉक सचिव संघ का चुनाव सम्पन्न हुआ। कोरबा ब्लॉक से सचिव संघ के अध्यक्ष विजय कुमार एक्का, उपाध्यक्ष ममता सोनी व धन सिंह, सचिव गनपत सिंह कंवर, कोषाध्यक्ष राजकुमार किस्पोट्टा को चुना गया। इसी तरह पोड़ी-उपरोड़ा ब्लॉक से सचिव संघ के अध्यक्ष मो. हसन अली, उपाध्यक्ष मोहन श्याम व रविंद्र कुमार श्याम, सचिव राजेंद्र पेंद्रो, कोषाध्यक्ष चतुर भुवन सिंह, पाली ब्लॉक से सचिव संघ के अध्यक्ष राम कुमार टेकाम, उपाध्यक्ष पूनम बैसवाड़े व बिसाहू सिंह राज, सचिव बिशोक सिंह सिदार, कोषाध्यक्ष सम्मार सिंह टेकाम वहीं करतला ब्लॉक से सचिव संघ के अध्यक्ष सत्यनारायण कवंर, उपाध्यक्ष उत्तरा कुमार गुप्ता व दिगंबर साहू, सचिव रामदयाल पटेल, कोषाध्यक्ष अरविंद सिंह राठिया को बनाया गया है। प्रदेश पंचायत सचिव संघ ने सभी नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को शुभकामनाएं दी। इस अवसर पर पूर्व ब्लॉक अध्यक्ष सचिव समेत अन्य पदाधिकारी भी उपस्थित रहे।

Spread the word