February 26, 2026

पसान रेंज में हाथियों ने रौंदी दर्जन भर ग्रामीणों की फसल

0 क्षेत्र में विचरण कर रहा 32 हाथियों का झुंड
कोरबा।
जिले के कटघोरा वनमंडल अंतर्गत पसान रेंज में हाथियों ने बीती रात एक बार फिर उत्पात मचाते हुए लगभग एक दर्जन ग्रामीणों की फसल देवमट्टी व चिकनीपाली गांव में रौंद दिया। 32 हाथियों का दल क्षेत्र में घूम रहा है। बताया जाता है कि हाथियों का यह दल कल शाम होते ही जंगल से निकला और बीच का रास्ता तय करते हुए देवमट्टी व चिकनीपारा में खेतों में पहुंचकर बारी-बारी से एक दर्जन किसानों की अरहर फसल रौंद दी। हाथियों के बड़ी मात्रा में फसल रौंदे जाने से ग्रामीणों को भारी नुकसान उठाना पड़ा है।
हाथियों के रात में क्षेत्र में पहुंचने की जानकारी वन विभाग को मिलने के बाद उसका अमला तत्काल मौके पर पहुंचा और खेतों में उत्पात मचा रहे हाथियों को खदेड़ा। वन अमला के खदेड़े जाने पर हाथियों ने जंगल का रूख किया। सुबह होने पर वन अमला द्वारा नुकसानी का आंकलन करने के साथ ही रिपोर्ट तैयार की गई, जिसे क्षतिपूर्ति के लिए अधिकारियों को दिया जाएगा। पसान रेंज के ही बनिया गांव में भी हाथियों का दल विचरण कर रहे है। इन हाथियों ने भी बीती रात उत्पात मचाते हुए कई ग्रामीणों की फसल रौंद दिया है, जबकि एक लोनर हाथी कापानवापारा के जंगल में घूम रहा है। लोनर हाथी फिलहाल शांत है। यहां कोई बड़ा नुकसान नहीं पहुंचाया है। वन विभाग द्वारा सतर्कता बरतते हुए इसकी लगातार निगरानी की जा रही है।

ranjan photo
Admin

Spread the word